मडगांव: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला बीते 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजराट टाइटंस के बीच खेला गया। इस खिताबी मुकाबले को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और हर किसी की नजर फाइनल मैच पर टिकी हुई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुकाबले में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर अपना दूसरा आईपीएल खिताब जीत लिया।
हालांकि, जब आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा था, उस दौरान भारत की महिला फुटबॉल टीम भी महिला सैफ चैंपियनशिप 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ खेल रही थी। इस मैच में भारत की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली।
भारत की बेटियों ने बनाई सेमीफाइनल में जगह
भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने रविवार को सैफ महिला चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 3-0 से पराजित कर ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। ‘ब्लू टाइग्रेस’ के नाम से मशहूर भारतीय टीम की पिछले सात वर्षों में बांग्लादेश पर यह पहली जीत है। भारत को टूर्नामेंट के 2022 और 2024 सत्र में बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। भारत के लिए प्यारी खाखा ने 36वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में लिंडा कॉम सेर्तो ने 78वें मिनट और मालविका पी ने इंजरी टाइम (90+1 मिनट) में गोल दागकर भारत की प्रभावशाली जीत सुनिश्चित की।
पहले मुकाबले में भारत ने मालदीव को 11-0 से रौंदा था
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मालदीव पर पहले मुकाबले में 11-0 की बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भारत ने दो मैचों में पूरे छह अंक हासिल किए और ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान पर रहा। भारत अब तीन जून को होने वाले सेमीफाइनल में भूटान से भिड़ेगा। इसी दिन दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना नेपाल से होगा।


