पेरिस : फ्रेंच ओपन 2026 में बड़े उलटफेरों का दौर लगातार जारी है। पुरुष वर्ग में जानिक सिनर और नोवाक जोकोविच के बाहर होने के बाद अब महिला सिंगल्स में भी खिताब की दो सबसे बड़ी दावेदारों को हार का सामना करना पड़ा। चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक और गत चैंपियन कोको गफ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं, जिससे महिला वर्ग की खिताबी दौड़ पूरी तरह रोमांचक बन गई है। रविवार को यूक्रेन की मार्टा कोस्त्युक ने चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक को 7-5, 6-1 से हराकर पहली बार रोलां गैरो के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि रूस में जन्मी अनास्तासिया पोटापोवा ने शनिवार देर रात गत चैंपियन कोको गफ को 4-6, 7-6 (7-1), 6-4 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
कोस्त्युक ने पहली बार स्वियातेक को हराकर रचा इतिहास
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्वियातेक के लिए यह हार और भी निराशाजनक रही क्योंकि रविवार को उनका 25वीं जन्मतिथि थी। कोस्त्युक ने अपने करियर में पहली बार स्वियातेक के विरुद्ध कोई सेट जीता और सीधे सेटों में जीत दर्ज कर दी। इससे पहले दोनों के बीच खेले गए तीनों मुकाबलों में स्वियातेक विजेता रही थीं। मैच की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच बेसलाइन से लंबी रैलियां देखने को मिलीं। स्वियातेक ने शुरुआती बढ़त भी बनाई, लेकिन लगातार डबल फॉल्ट और अनफोर्स्ड एरर उनके लिए भारी पड़ गए।
कोस्त्युक ने पहले सेट में 5-5 की बराबरी करने के बाद लगातार दो गेम जीतकर बढ़त बना ली। दूसरे सेट में भी उन्होंने आक्रामक खेल जारी रखा और अंतिम पांच गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर मौजूद कोस्त्युक इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस साल क्ले कोर्ट पर एक भी मैच नहीं गंवाया है और उनकी लगातार जीत का सिलसिला 16 मैचों तक पहुंच गया है। मैड्रिड ओपन जीतने के बाद उन्होंने फ्रांस के रूएन में भी खिताब अपने नाम किया था।
दूसरी ओर, कोको गफ भी अपने खिताब की रक्षा करने में विफल रहीं। पोटापोवा ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए तीन सेट तक चले मुकाबले में अमेरिकी खिलाड़ी को मात दी। दूसरे सेट में गफ वापसी के करीब थीं, लेकिन टाईब्रेक में उनकी सर्विस ने निराश किया। निर्णायक सेट में पोटापोवा ने बेहतर नियंत्रण बनाए रखा और यादगार जीत दर्ज की। गफ ने हार के बाद कहा, मेरे पास मौके थे, लेकिन अहम पलों में मैं वैसा खेल नहीं दिखा सकी जैसी उम्मीद थी। पोटापोवा ने महत्वपूर्ण अंकों पर मुझसे बेहतर खेला।
कड़े मुकाबले के बाद बेरेटिनी ने मारी बाजी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुरुष सिंगल्स वर्ग में भी रोमांच अपने चरम पर बना हुआ है। माटेओ बेरेटिनी ने पांच घंटे 13 मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में फ्रांसिस्को कोमेसाना को हराकर शानदार जीत दर्ज की। बेरेटिनी ने बेहद कड़े मुकाबले में 7-6 (3), 5-7, 6-7 (7), 6-4, 7-6 (13) से जीत हासिल की। वहीं जुआन मैनुअल सेरुंडोलो भी अगले दौर में पहुंचने में सफल रहे। जानिक सिनर को बाहर करने वाले सेरुंडोलो ने लैंडोल्स को 6-4, 6-7 (9), 7-6 (4), 6-7 (7), 7-6 (6) से मात दी।


