हॉन्गकॉन्ग : 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आखिरी दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसमें महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में एक नया मीट रिकॉर्ड भी शामिल रहा। चीन 25 मेडल (14 गोल्ड सहित) के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि भारतीय टीम ने कुल 19 पदक जीते, जिनमें 10 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल रहे। वहीं जापान 18 मेडल के साथ तीसरे स्थान पर रहा। आखिरी दिन का सबसे खास पल महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में आया, जहां नीरू पाठक, भूमिका संजय नेहते, तहूरा खातून और सेहनूर बावा ने 3:38.07 सेकेंड का नया चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
भारत ने पुरुषों की 4×400 मीटर रिले में भी शानदार प्रदर्शन किया, जहां पीयूष राज, सैयद सबीर, रंजीत कुमार एस और मोहम्मद अशफाक ने 3:05.54 सेकेंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसी के साथ भारतीय अंडर-20 नेशनल रिकॉर्ड बनाया। चीन ने 3:04.88 में गोल्ड जीता, जबकि कतर ने 3:05.06 में सिल्वर अपने नाम किया। अंतिम दिन मेडल्स की झड़ी सुबह के सत्र में शुरू हुई। मुस्कान ने महिलाओं की 5,000 मीटर दौड़ में 16:53.08 सेकेंड के साथ गोल्ड जीता। भारत का दूसरा व्यक्तिगत गोल्ड वेंकटराम रेड्डी मोगली ने जीता, जिन्होंने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में 1:48.27 सेकेंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर खिताब अपने नाम किया।
निश्चय ने पुरुषों के डिस्कस थ्रो में 60.10 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता और एक नया भारतीय अंडर-20 नेशनल रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इस थ्रो के साथ वह इस इवेंट में 60 मीटर की बाधा पार करने वाले पहले भारतीय अंडर-20 एथलीट बन गए। महिलाओं की 4×100 मीटर रिले टीम ने भी भारत की झोली में एक और सिल्वर मेडल डाला। काजल हीराभाई वाजा, भावना जी, आरती और निपम ने आखिरी चरणों में जोरदार वापसी करते हुए 45.05 सेकेंड का समय निकाला। वहीं पुरुषों की 4×100 मीटर रिले टीम ने 40.11 सेकेंड के साथ छठा स्थान हासिल किया, जिसमें रुद्र सचिन शिंदे, मेहेबुबुल अहमद, आदित्य तात्या पिसाल और निवेद कृष्ण ज्योतिप्रकाश शामिल रहे। वहीं आशीष यादव पुरुषों के जैवलिन थ्रो में 69.58 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
शानदार प्रदर्शन के साथ 4×100 मीटर रिले में भारत को सिल्वर
महिलाओं की 4×100 मीटर रिले टीम ने 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आखिरी दिन सिल्वर मेडल अपने नाम किया। रविवार को काजल हीराभाई वाजा, भावना, आरती और निपम की टीम ने 45.05 सेकंड का समय दर्ज करते हुए पदक तालिका में भारत के लिए एक और मेडल जोड़ा। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भारतीय टीम की तारीफ में लिखा, “हांगकांग, चीन में आयोजित 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में सिल्वर जीतने पर काजल वाजा और पूरी भारतीय महिला 4×100 मीटर रिले टीम को हार्दिक बधाई। 45.05 सेकेंड का प्रभावशाली समय दर्ज किया और एक नया अंडर-20 नेशनल रिकॉर्ड बनाते हुए, हमारे युवा एथलीट्स ने अपने असाधारण दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता से भारत को गौरवान्वित किया है।’
उन्होंने लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत का खेल इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जो हमारे युवाओं को वैश्विक मंचों पर चमकने के लिए सशक्त बना रहा है। सभी कोच, सहयोगी कर्मचारियों, एथलेटिक्स फेडरेशन, गुजरात खेल प्राधिकरण, जीएसएए, नाडियाड एथलेटिक्स अकादमी, डीएलएसएस सोमनाथ और इस उल्लेखनीय उपलब्धि में योगदान देने वाले हर व्यक्ति को बधाई। हमारे एथलीट्स को और भी अधिक सफलताओं और भारत के लिए निरंतर गौरव की कामना।”
गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने लिखा कि यह गुजरात और भारत दोनों के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने बताया कि नाडियाड एथलेटिक्स अकादमी और डीएलएसएस सोमनाथ की काजल हीराभाई वाजा ने भारतीय अंडर-20 महिला 4×100 मीटर रिले टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए चीन के हांगकांग में आयोजित 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीता।


