पेरिस : एरिना सबालेंका ने अपने पहले फ्रेंच ओपन 2026 खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाते हुए पूर्व विश्व नंबर एक नाओमी ओसाका को 7-5, 6-3 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रोलां गैरो में तीन साल बाद हुए नाइट सेशन मुकाबले में सबालेंका ने शुरुआती मुश्किलों के बाद शानदार वापसी की और लगातार 14वें ग्रैंड स्लैम में कम से कम क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने का रिकॉर्ड बरकरार रखा। उधर मंगलवार को रूस की 19 वर्षीय मीरा आंद्रीवा ने रोमानिया की सोराना क्रिस्टिया को सीधे सेटों में 6-0, 6-3 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
फ्रेंच ओपन 2026: सबालेंका का जलवा बरकरार
इससे पहले, फ्रेंच ओपन में अपने फैशन से जलवा बिखेरने वाली ओसाका ने सोमवार देर रात खेले गए मुकाबले में सबालेंका के विरुद्ध मुकाबले में शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती बढ़त हासिल कर ली, लेकिन सबालेंका ने अपनी ताकतवर ग्राउंडस्ट्रोक्स और आक्रामक खेल से मैच पर नियंत्रण स्थापित कर लिया। पहले सेट में 5-5 की बराबरी के बाद उन्होंने निर्णायक ब्रेक हासिल किया और फिर दूसरे सेट में भी दबदबा बनाए रखा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जीत के बाद सबालेंका ने कहा कि ओसाका बेहद आक्रामक खिलाड़ी हैं और उनके खिलाफ दबाव बनाए रखना आसान नहीं था। अब क्वार्टर फाइनल में सबालेंका का सामना रूस की डियाना श्नाइडर से होगा। श्नाइडर ने अमेरिकी खिलाड़ी मेडिसन कीज को 6-3, 3-6, 6-0 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में फिर चमकीं मीरा आंद्रीवा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मीरा आंद्रीवा ने अपने करियर में दूसरी बार फ्रेंच ओपन 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। मैच की शुरुआत से ही आंद्रीवा ने पूरी तरह अपना दबदबा बनाए रखा। रूसी खिलाड़ी ने शुरुआती छह गेम में केवल नौ अंक गंवाए और 36 वर्षीय क्रिस्टिया को एक भी गेम प्वाइंट हासिल नहीं करने दिया। आंद्रीवा ने पहला सेट मात्र 22 मिनट में अपने नाम कर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली। दूसरे सेट में क्रिस्टी ने खाता खोला। इसके बाद वह पहले छह गेम तक आंद्रीवा के साथ बराबरी पर रहीं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आंद्रीवा ने तुरंत ही मैच पर अपना दबदबा फिर से कायम किया और अगले तीन गेम बिना कोई प्वाइंट गंवाए जीत लिए, जिसके साथ ही 6-0, 6-3 से जीत सुनिश्चित कर ली। इसके साथ मीरा आंद्रीवा का सोराना क्रिस्टिया के खिलाफ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 2-0 हो गया है। वह इस सीजन में डब्ल्यूटीए टूर पर सर्वाधिक 34 मैच जीतने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। इस साल क्ले कोर्ट पर यह उनकी 20वीं जीत भी रही। सेमीफाइनल में आंद्रीवा का सामना यूक्रेन की मार्टा कोस्त्युक से होगा, जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में अपनी ही हमवतन एलीना स्वितोलिना को 6-3, 2-6, 6-2 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।


