मेसी और रोनाल्डो फिर बना सकते हैं इतिहास, वर्ल्ड कप 2026 की खास बातें

0

नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होने जा रही है, लेकिन भारतीय दर्शकों के लिए पहला मुकाबला 12 जून को भारतीय समयानुसार (IST) रात 12:30 बजे से खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट भारत के फुटबॉल फैंस के लिए बेहद खास रहने वाला है, क्योंकि लंबे समय बाद यह आयोजन बड़े स्तर पर प्रसारित होगा। टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक 10 दिन पहले ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने फुटबॉल की वैश्विक संस्था फीफा के साथ एक बड़ी डील को अंतिम रूप दिया है।

इस समझौते के तहत भारत में फीफा विश्व कप का सीधा प्रसारण अब ज़ी नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा, जो भारतीय दर्शकों के लिए एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। इस बार का फीफा विश्व कप कई मायनों में बेहद अनूठा और रिकॉर्ड तोड़ने वाला साबित होने वाला है. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट की 10 सबसे बड़ी और दिलचस्प बातें इस प्रकार हैं –

1. इतिहास का सबसे बड़ा फार्मेंट
फुटबॉल विश्व कप के इतिहास में यह पहली बार होने जा रहा है जब टूर्नामेंट में कुल 48 टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी. टीमों की संख्या बढ़ने की वजह से इस बार पूरे टूर्नामेंट के दौरान रिकॉर्ड 104 मुकाबले खेले जाएंगे.

2. मैदान पर उतरेंगे रिकॉर्ड खिलाड़ी
टूर्नामेंट के बड़े स्वरूप के कारण इस साल हिस्सा ले रहे सभी 48 देशों को मिलाकर कुल 1248 खिलाड़ी मैदान पर अपना हुनर दिखाते नजर आएंगे. विश्व कप के इतिहास में खिलाड़ियों का यह अब तक का सबसे बड़ा समूह है.

3. पहली बार खेलने उतरेंगे चार नए देश
इस बार का विश्व कप कुछ देशों के लिए बेहद ऐतिहासिक होने वाला है. कैप वर्दे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान की टीमें पहली बार फीफा विश्व कप की मुख्य प्रतियोगिता में खेलकर इतिहास रचेंगी.

4. रोनाल्डो-मेसी का छठा विश्व कप
शतरंज की बिसात की तरह मैदान पर राज करने वाले अर्जेंटीना के लियोनियन मेसी, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और मेक्सिको के जादुई गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ इस बार अपने करियर का रिकॉर्ड छठा विश्व कप खेलने उतरेंगे.

5. सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड
इस टूर्नामेंट में उम्र के लिहाज से स्कॉटलैंड के गोलकीपर क्रेग गार्डन सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी होंगे. वह 43 वर्ष और 162 दिन की उम्र में मैदान पर उतरकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे.

6. सबसे युवा फुटबॉलर का जलवा
मेक्सिको के गिल्बर्टो मोरा इस पूरे टूर्नामेंट के सबसे युवा खिलाड़ी बनकर उभरेंगे. गिल्बर्टो महज 17 वर्ष और 240 दिन की उम्र में दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंच पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे.

7. युवाओं और दिग्गजों का अनोखा संगम
इस टूर्नामेंट में उम्र के कई दिलचस्प पड़ाव देखने को मिलेंगे. पूरे महाकुंभ में 20 वर्ष से कम उम्र के कुल 22 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि 40 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 7 धाकड़ खिलाड़ी मैदान पर अपना अनुभव झोंकेंगे.

8. पूर्व विश्व विजेताओं की मौजूदगी
टूर्नामेंट की चमक को बढ़ाने के लिए मैदान पर ऐसे सितारे भी मौजूद रहेंगे जो पहले भी चैंपियन बनने का स्वाद चख चुके हैं. इस बार कुल 22 ऐसे खिलाड़ी अलग-अलग टीमों का हिस्सा हैं जो पूर्व में विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रह चुके हैं.

9. अनुभवी खिलाड़ियों की बड़ी फौज
घोषित की गई सभी टीमों के स्क्वाड में 357 खिलाड़ी ऐसे शामिल किए गए हैं, जो इससे पहले भी कम से कम किसी न किसी विश्व कप में अपनी देश की टीम का हिस्सा रहकर खेलने का अनुभव हासिल कर चुके हैं.

10. पहली बार का नया रोमांच
वर्ल्ड कप के कुल खिलाड़ियों में से 891 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें पहली बार फीफा विश्व कप की मुख्य पिचों पर पैर रखने और खेलने का मौका मिलेगा. यह युवा फौज टूर्नामेंट में नया रोमांच लेकर आएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here