नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने टीम इंडिया की अपनी पसंदीदा प्लेइंग इलेवन चुनी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश ने अपनी टीम में नितिश कुमार रेड्डी को जगह नहीं दी, जबकि नंबर-3 बल्लेबाजी क्रम के लिए साई सुदर्शन का समर्थन किया है। इसके अलावा उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को भी अंतिम एकादश से बाहर रखा। आकाश चोपड़ा की इस चयनित टीम ने मैच से पहले संभावित संयोजन को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
नंबर-3 पर साई सुदर्शन की एंट्री के पक्ष में पूर्व भारतीय क्रिकेटर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आकाश चोपड़ा ने अपने एक वीडियो में भारतीय प्लेइंग इलेवन का चयन करते हुए कहा कि इस मैच के लिए भारत की ओपनिंग जोड़ी नए उप-कप्तान केएल राहुल के साथ यशस्वी जायसवाल होंगे और इसमें कोई चर्चा की जरूरत नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि तीसरे नंबर पर पिछले कुछ समय के लिए काफी बवाल हो रहा है। हमने साई से शुरू किया, फिर करुण नायर पर गए और फिर हम वाशिंगटन सुंदर को आजमाया और फिर साई आ गए और एक बार फिर से अगर हम देवदत्त पडीक्कल की तरफ गए तो फिर साई पर वापस आ जाएंगे तो साई को कुछ समय के लिए तीसरे नंबर पर आजमाएं।
आकाश ने आगे कहा कि नंबर 4 पर कप्तान शुभमन गिल होंगे जबकि 5वें स्थान पर ऋषभ पंत होंगे। नंबर 6 पर मैं ध्रुव जुरेल को खिलाना चाहता हूं तो यहां टॉप 6 पर आपके साथ सभी बैटर हैं तो नंबर 7 पर आप वाशिंगटन सुंदर को रखिए। नंबर 8 पर आप कुलदीप यादव को रखिए। नंबर 9 और नंबर 10 पर प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज को रखिए जबकि 11वें नंबर के लिए अगर आपको लगता है कि पिच पर रिवर्स स्विंग होगा तो गुरनूर बरार को मौका दीजिए, लेकिन अगर लगता है कि गेंद को टर्न मिलेगा तो फिर हर्ष दूबे या फिर मानव सुतार में से किसी एक को मौका दे सकते हैं। इन दोनों में मैं हर्ष दुबे के साथ जाना चाहूंगा।
नितिश कुमार रेड्डी से नीचे बल्लेबाजी न करवाई जाए: आकाश चोपड़ा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि उनकी चुनी हुई प्लेइंग इलेवन पूरी तरह संतुलित नजर आती है, लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन अलग सोच अपना सकता है। उनके अनुसार, ध्रुव जुरेल की जगह नितिश कुमार रेड्डी को मौका दिया जा सकता है, क्योंकि नितिश पिछले कुछ समय से लगातार टीम का हिस्सा रहे हैं और उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिले हैं। हालांकि आकाश का मानना है कि यदि नितिश को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है तो उन्हें नंबर-6 पर बल्लेबाजी करानी चाहिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को नंबर-7 पर रखा जाना चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि नितिश को नंबर-7 या उससे नीचे भेजने का कोई खास फायदा नहीं होगा, क्योंकि वह सीमित गेंदबाजी करते हैं और उनकी बल्लेबाजी क्षमता का भी पूरा उपयोग नहीं हो पाएगा। आकाश ने सुझाव दिया कि टीम प्रबंधन को ध्रुव जुरेल और नितिश कुमार रेड्डी में से किसी एक को चुनना चाहिए, लेकिन अगर नितिश खेलें तो उन्हें छह नंबर से नीचे बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजा जाना चाहिए।
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के लिए आकाश चोपड़ा ने चुनी भारत की प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार।


