रायपुर।(NST NEWS) छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण है। राज्य के प्रतिभाशाली रणजी क्रिकेटर आयुष पांडे का चयन भारतीय ‘ए’ टीम में हुआ है। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आयुष अब 25 जून 2026 से श्रीलंका के खिलाफ आयोजित होने वाली चार दिवसीय मैचों की श्रृंखला में भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।
आयुष पांडे ने पिछले घरेलू सत्र में छत्तीसगढ़ के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 7 मैचों की 13 पारियों में 57.30 की प्रभावशाली औसत से 573 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले, जबकि उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 183 रन की रही। रणजी ट्रॉफी में लगातार शानदार प्रदर्शन के आधार पर आयुष को दलीप ट्रॉफी में भी खेलने का अवसर मिला। वहां भी उन्होंने अपने प्रदर्शन से प्रभावित करते हुए 2 मैचों की 3 पारियों में 53.92 की औसत से 102 रन बनाए और अपनी क्षमता का परिचय दिया।
भारतीय ‘ए’ टीम में चयन आयुष पांडे की मेहनत, समर्पण और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उनका चयन न केवल छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गौरव की बात है, बल्कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। श्रीलंका दौरे पर अच्छे प्रदर्शन के साथ आयुष के पास राष्ट्रीय टीम के दरवाजे पर और मजबूत दस्तक देने का सुनहरा अवसर होगा। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ, प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत ने आयुष पांडे को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल अंतरराष्ट्रीय करियर की शुभकामनाएं दी हैं।


