IND vs AFG Test, Day 1: मुल्लांपुर टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया का दबदबा, राहुल और गिल के शतक

0

नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मैच शनिवार (6 जून) से शुरू हुआ। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले के पहले दिन स्टम्प तक भारत ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट पर 368 रन बना लिए। कप्तान शुभमन गिल 103 रन और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर नाबाद हैं। गिल ने 143 गेंदों की अपनी पारी में 11 चौके और 1 छक्का लगाया, जबकि पंत ने 2 चौके और 3 छक्के जड़े। यह शुभमन गिल के टेस्ट करियर का 11वां शतक है।

भारत और अफगानिस्तान दोनों का साल 2026 में ये पहला टेस्ट मैच है. यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के 2025-27 चक्र का हिस्सा नहीं है. ऐसे में भारत इस मुकाबले को अगस्त में प्रस्तावित श्रीलंका दौरे के मद्देनजर तैयारियों के तौर पर देख रहा है, जहां शुभमन ब्रिगेड को दो टेस्ट मैच खेलने हैं. भारतीय टीम की पहली पारी में शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही. यशस्वी जायसवाल सिर्फ 24 रन बना सके और उन्हें मोहम्मद सलीम सफी ने पवेलियन रवाना किया. यशस्वी के आउट होने के समय भारत का स्कोर 41-1 था. यहां से केएल राहुल और साई सुदर्शन ने भारतीय टीम को संभाला. दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी की.

ऐसा लग रहा था कि साई सुदर्शन अपना शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन वह मोहम्मद सलीम सफी के बिछाए जाल में फंस गए। सुदर्शन ने 104 गेंदों का सामना करते हुए 81 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे। सुदर्शन के आउट होने के बाद केएल राहुल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई। केएल राहुल ने 165 गेंदों पर 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके शामिल रहे। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां शतक रहा। राहुल को जियाउर शरीफी ने पवेलियन भेजा। उनके आउट होने के समय भारत का स्कोर 247/3 था। इसके बाद शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने पारी को संभाला और पहले दिन कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और चौथे विकेट के लिए अब तक 121 रनों की साझेदारी कर ली है।

भारत की पहली पारी का स्कोरकार्ड: (368/3, 85 ओवर)
बल्लेबाज रन रन
यशस्वी जायसवाल कॉट अफसर जजई, बोल्ड सलीम सफी 24
केएल राहुल कॉट रहमानुल्लाह गुरबाज, बोल्ड जियाउर रहमान 100
साई सुदर्शन कॉट अफसर जजई, बोल्ड सलीम सफी 81
शुभमन गिल नाबाद 103*
ऋषभ पंत नाबाद 50*

विकेट पतन: 41-1 (यशस्वी जायसवाल, 11.6 ओवर), 180-2 (साई सुदर्शन, 42.4 ओवर), 247-3 (केएल राहुल, 60.2 ओवर)

अफगानिस्तान का टेस्ट डेब्यू जून 2018 में भारत के खिलाफ बेंगलुरु में हुआ था। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को पारी और 262 रनों से हराया था। अब दोनों टीमें दूसरी बार टेस्ट मैच में आमने-सामने हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो अफगानिस्तान ने अब तक केवल 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से उसने 4 में जीत हासिल की है। 7 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 1 मैच ड्रॉ रहा है।

मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

अफगानिस्तान की प्लेइंग-11: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खरोटी, जियाउर रहमान शरीफी और मोहम्मद सलीम सफी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here