NST NEWS, भोपाल। जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक मुकाबले में भारत ने कोरिया को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट का समापन जीत के साथ किया। भारतीय टीम की इस उपलब्धि में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की चार खिलाड़ियों महक परिहार, स्नेहा दावड़े, नम्मी गीताश्री और नौशीन नाज़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए भारत को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की होनहार खिलाड़ी नौशीन नाज़ ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 12 गोल दागकर टॉप स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया। नौशीन की आक्रामक खेल शैली और लगातार गोल करने की क्षमता भारतीय टीम की सफलता का प्रमुख आधार रही। 29 मई से 6 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत ने एशिया की शीर्ष टीमों के बीच अनुशासित और आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत पहचान बनाई।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भारतीय टीम और मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इन बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विशेष रूप से नौशीन नाज़ के टॉप स्कोरर बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम बताया।


