NST NEWS, भोपाल। केएमआर स्विमिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 24 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अकादमी का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में अकादमी के तैराकों ने अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कई स्पर्धाओं में दबदबा कायम रखा।
अकादमी के प्रतिभाशाली तैराक अर्थ जैन ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं आणवि खंडूरी ने 8 स्वर्ण और 1 रजत पदक अपने नाम किए तथा अपने आयु वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियनशिप भी जीती। वेदिका जैन ने 1 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक अर्जित कर अकादमी की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से न केवल अकादमी बल्कि जिले और प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
अकादमी के कोच सुमित कुमार झा, वरिष्ठ तैराकी प्रशिक्षक एवं केएमआर क्लब के मार्गदर्शक आर.डी. झा तथा प्रबंधन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। केएमआर स्विमिंग अकादमी परिवार ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।


