लॉर्ड्स में इंग्लैंड की शानदार जीत, अंकतालिका में बदले कई समीकरण; दक्षिण अफ्रीका को मिला फायदा

0

नई दिल्ली: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 4 जून से खेले गए इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के पहले मुकाबले का नतीजा चौथे दिन के पहले सत्र में ही निकल गया। गेंदबाजों के दबदबे वाले इस मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 115 रनों से जीत दर्ज की। मेजबान टीम ने न्यूजीलैंड के सामने चौथी पारी में 253 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन कीवी बल्लेबाजी इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 138 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंकतालिका में भी हलचल देखने को मिली। इंग्लैंड को जीत का लाभ जरूर मिला, लेकिन सबसे बड़ा असर न्यूजीलैंड पर पड़ा, जो दूसरे स्थान से फिसलकर सीधे चौथे पायदान पर पहुंच गई, जबकि दक्षिण अफ्रीका को इसका फायदा मिला और उसने शीर्ष दो में अपनी जगह मजबूत कर ली।

न्यूजीलैंड की टीम जो इस टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले WTC 2025-27 की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर थी वह अब लॉर्ड्स टेस्ट मैच में हार के बाद चौथे नंबर पर पहुंच गई है जिसमें उसके 4 मैचों में 2 जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ 58.33 फीसदी अंक हैं। वहीं इंग्लैंड को लेकर बात की जाए तो वह सीरीज शुरू होने से पहले भी 7वें नंबर पर ही थी और इस मैच में जीत के बाद भी उसी पोजीशन पर मौजूद है। हालांकि उसके अंकों के जीत प्रतिशत में सुधार जरूर देखने को मिला है जो अब 37.88 पीसीटी हो गया है। कीवी टीम की हार का फायदा साउथ अफ्रीका और श्रीलंका की टीम हुआ है, जिसमें दोनों ने 1-1 स्थान का सुधार किया है। साउथ अफ्रीका जहां अब 75 फीसदी अंक प्रतिशत के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई है तो वहीं श्रीलंका 66.67 पीसीटी के साथ तीसरे नंबर पर आ गई है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम 87.50 अंक प्रतिशत के साथ पहले नंबर पर काबिज है।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंकतालिका में अन्य टीमों की स्थिति पर नजर डालें तो बांग्लादेश 58.33 अंक प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर काबिज है। वहीं भारतीय टीम 48.15 अंक प्रतिशत के साथ छठे पायदान पर मौजूद है और शीर्ष टीमों को कड़ी चुनौती दे रही है। इसके बाद पाकिस्तान की टीम आठवें स्थान पर है, जिसने अब तक 4 मुकाबले खेले हैं और उसका अंक प्रतिशत केवल 8.33 है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है। कैरेबियाई टीम इस चक्र में अब तक 8 मैच खेल चुकी है, लेकिन उसे एक भी जीत नहीं मिली है, जिसके चलते उसका अंक प्रतिशत महज 4.17 दर्ज किया गया है। अंकतालिका की मौजूदा स्थिति से साफ है कि आने वाले मुकाबले सभी टीमों के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here