नई दिल्ली : भारतीय टीम के आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के साथ उनके माता-पिता भी मौजूद रहेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उनके माता-पिता की यात्रा और ठहरने का पूरा खर्च वहन करने का फैसला किया है। महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें 6 जून को भारतीय टी20 टीम में जगह मिली। वैभव भारतीय टीम में चयनित होने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, और यह उपलब्धि उनके क्रिकेट करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के एक पदाधिकारी ने पीटीआई से कहा, “बोर्ड वैभव सूर्यवंशी के माता-पिता का पूरा खर्च उठाएगा, क्योंकि हमारा मानना है कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय दौरे पर जा रहे इस खिलाड़ी के लिए परिवार का साथ बेहद महत्वपूर्ण है।” भारतीय टीम 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच टी20 और तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी। इस पूरे दौरे के दौरान वैभव के माता-पिता भी उनके साथ रहेंगे, जिससे युवा खिलाड़ी को मानसिक और भावनात्मक सहयोग मिल सकेगा।
एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम में चुने गए वैभव सूर्यवंशी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी को जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। इस समय वह इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका में हैं, जहां टीम एकदिवसीय ट्राई-सीरीज में हिस्सा ले रही है। इस टूर्नामेंट में भारत ए के अलावा श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए की टीमें भी खेल रही हैं। वैभव ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। उन्होंने पूरे सीजन में 237.30 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी रहे। युवा बल्लेबाज ने जसप्रीत बुमराह और पैट कमिंस जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ भी प्रभावशाली बल्लेबाजी की। इससे पहले वैभव ने अंडर-19 विश्व कप 2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।


