नई दिल्ली : श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज की शुरुआत हो चुकी है और पहले मुकाबले में भारत ए तथा श्रीलंका ए की टीमें आमने-सामने हैं। भारत ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया है और टीम मजबूत स्कोर खड़ा करने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरी है। इस सीरीज में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी भारतीय दल का हिस्सा हैं। उन्हें पहले ही मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है, जिससे प्रशंसकों के बीच उनके प्रदर्शन को लेकर उत्साह बढ़ गया है। युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच मानी जा रही है।
वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के अगले सुपरस्टार माने जा रहे हैं। IPL में धमाकेदार प्रदर्शन से सभी को चौंकाने वाले वैभव अब विदेशी धरती पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। दांबुला में ट्राई सीरीज में इंडिया ए टीम श्रीलंका ए के खिलाफ अपने अभियान का आगाज कर रही है, जहां कई युवा खिलाड़ियों पर खास नजर रहेगी। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है, जिन्होंने IPL 2026 में अपने बल्ले से तूफान ला दिया था। इस सीरीज में इंडिया ए की कप्तानी युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा करेंगे। हाल ही में उन्हें भारतीय T20 टीम का उपकप्तान भी बनाया गया और अब यह टूर्नामेंट उनकी कप्तानी की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
22 वर्षीय तिलक वर्मा के लिए यह त्रिकोणीय सीरीज काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में उन्होंने कुछ बेहतरीन पारियां खेलीं, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में निरंतरता बनाए रखने में सफल नहीं रहे। ऐसे में श्रीलंका की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन न केवल उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती देगा, बल्कि भारतीय टीम में उनकी दावेदारी भी मजबूत कर सकता है। हालांकि, इस सीरीज का सबसे बड़ा आकर्षण युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। 230 से अधिक के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए वैभव ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और खुद को भारतीय क्रिकेट के सबसे रोमांचक युवा खिलाड़ियों में शामिल कर लिया। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि वह इस सीरीज में अपने प्रदर्शन को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।
भारत ए (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, अनुकूल रॉय, सूर्यांश शेडगे, अंशुल कंबोज, अरशद खान, विप्रज निगम।
श्रीलंका ए (प्लेइंग इलेवन): निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, रविन्दु फर्नांडो, वानुजा सहान, विजयकांत वियास्कांत, मोहम्मद शिराज, गरुका संकेत


