महिला टी20 विश्व कप से पहले भारत-इंग्लैंड मुकाबले पर सबकी नजरें

0

नई दिल्ली: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 अब बेहद करीब है और सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले वार्मअप मुकाबलों का दौर जारी है, जहां टीमें अपनी रणनीतियों और संयोजन को परख रही हैं। भारतीय महिला टीम ने अपने पहले अभ्यास मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और आत्मविश्वास हासिल किया। अब उसकी अगली चुनौती इंग्लैंड महिला टीम के रूप में सामने है। यह मुकाबला विश्व कप से पहले भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे टीम को अपनी तैयारियों का अंतिम आकलन करने का मौका मिलेगा। भारतीय प्रशंसक भी इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और इसकी तारीख तथा समय जानने के लिए उत्सुक हैं, ताकि वे इस रोमांचक मुकाबले का सीधा प्रसारण देख सकें।

12 जून से शुरू होगा महिला टी20 विश्व कप, 14 जून को भारत की चुनौती

महिला टी20 विश्व कप का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। पहले दिन मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मैच खेला जाएगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में 14 जून को मैदान पर उतरेगी। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाएगा। इसके लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। अब महामुकाबले का इंतजार किया जा रहा है।

महिला टीम इंडिया की विजयी शुरुआत, वेस्टइंडीज को 26 रन से मात

महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम को दो वार्मअप मुकाबले खेलने का अवसर मिला है। पहले अभ्यास मैच में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 179 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस दौरान भारती फूलमली ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 40 गेंदों में 56 रन की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 153 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में श्रेयांका पाटिल ने 4 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि राधा यादव ने 3 विकेट झटककर जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत ने विश्व कप से पहले भारतीय टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ा दिया है।

भारतीय महिला टीम की अगली परीक्षा 10 जून को, इंग्लैंड से होगा मुकाबला

अब भारतीय महिला टीम के दूसरे और अंतिम वार्मअप मुकाबले की बारी है। यह मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा, जो इस बार महिला टी20 विश्व कप 2026 की मेजबान भी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 10 जून, बुधवार को खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे होगी और इसके शाम करीब 6 बजे तक समाप्त होने की संभावना है। विश्व कप के मुख्य मुकाबलों से पहले टीम इंडिया के लिए यह अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने और सर्वश्रेष्ठ विनिंग कॉम्बिनेशन तलाशने का आखिरी अवसर होगा। इसके बाद भारतीय टीम सीधे अपने पहले टूर्नामेंट मुकाबले में पाकिस्तान का सामना करेगी। हालांकि वार्मअप मैचों के आंकड़े आधिकारिक रिकॉर्ड में नहीं जुड़ते, लेकिन खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन के लिए पिच, मौसम और स्थानीय परिस्थितियों को समझने का यह बेहतरीन मौका होता है, जो बड़े मुकाबलों में अहम साबित हो सकता है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यस्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here