विश्व कप तैयारियों पर मौसम की मार, बारिश बनी सबसे बड़ी बाधा

0

नई दिल्ली: वनडे विश्व कप 2027 में अभी करीब डेढ़ साल का समय बाकी है, लेकिन सभी टीमें अपनी तैयारियों में जुट चुकी हैं। हालांकि कुछ टीमों की स्थिति को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है कि वे टूर्नामेंट में जगह बना पाएंगी या नहीं। इनमें दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज भी शामिल है, जो हाल के वर्षों में लगातार संघर्ष करती नजर आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसी बीच टीम को एक और झटका लगा है, क्योंकि उसके दो महत्वपूर्ण वनडे मुकाबले लगातार बारिश के कारण रद्द हो गए। इन मैचों के रद्द होने से खिलाड़ियों को मैच अभ्यास का मौका नहीं मिला, जिससे टीम की तैयारियों और लय पर असर पड़ सकता है। ऐसे समय में जब हर मुकाबला विश्व कप की तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है, बारिश ने वेस्टइंडीज की योजनाओं को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।

शीर्ष-10 में रहने की जंग, वेस्टइंडीज के सामने बड़ी चुनौती

आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग पर नजर डालें तो पता चलता है कि वेस्टइंडीज की टीम यहां दसवें नंबर पर है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अगर टीम अगले साल मार्च तक यहीं रही तो फिर वेस्टइंडीज की टीम आईसीसी वनडे विश्व कप के लिए डायरेक्ट क्वालीफाई नहीं कर पाएगी। उसे क्वालीफायर खेलना होगा, जो​कि एक कठिन रास्ता है। टीम की रेटिंग अभी 73 की है और टीम बांग्लादेश से भी नीचे है, जो कि टीम के लिए दिक्कत की बात है।

मौसम बना विलेन, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के दो मैच रद्द

श्रीलंका की टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के दौर पर है। सीरीज का पहले मुकाबले में श्रीलंका ने वेस्टइंडीज को 41 रन से पीटकर पीछे कर दिया था। हालांकि तीन मैचों की सीरीज थी, इसलिए उम्मीद की जा रही थी कि वेस्टइंडीज की टीम वापसी करेगी और सीरीज जीतकर अपनी आईसीसी रेटिंग में भी इजाफा करेगी, लेकिन बाकी बचे दोनों मैच बारिश की भेंट चढ़ गए। यानी श्रीलंका ने 1.0 से सीरीज अपने नाम कर ली।

श्रीलंका से मिली हार पड़ी भारी, वेस्टइंडीज की रेटिंग में गिरावट

जब इस वनडे सीरीज का आगाज हुआ था, उससे पहले वेस्टइंडीज की आईसीसी रैंकिंग 74 की थी, वहीं श्रीलंका की रेटिंग 96 की थी, जो कि इस वक्त रैंकिंग में छठे नंबर पर है। अब की बात करें तो वेस्टइंडीज की रेटिंग एक अंक घटकर 73 की रह गई है, वहीं श्रीलंका की 96 की है। हालांकि अभी श्रीलंका का दौरा जारी रहेगाा। वनडे के बाद अब दोनों टीमें टी20 इंटरनेशनल में आमने सामने होंगी। इसमें भी तीन मैच खेले जाएंगे।

कठिन दौर से गुजर रही वेस्टइंडीज टीम, हर मैच होगा अहम

वनडे विश्व कप 2027 के लिए आईसीसी ने क्वालीफिकेशन का स्पष्ट मानदंड तय किया है। मेजबान दक्षिण अफ्रीका को पहले ही सीधा प्रवेश मिल चुका है, जबकि आईसीसी वनडे रैंकिंग की शीर्ष टीमों को भी सीधे विश्व कप का टिकट मिलेगा। ऐसे में शीर्ष-9 में जगह बनाना बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। यदि कोई टीम दसवें स्थान पर रहती है, तो उसे विश्व कप में पहुंचने के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट का रास्ता अपनाना होगा। आईसीसी ने इसके लिए 31 मार्च 2027 को कटऑफ तिथि निर्धारित की है, जिसके बाद रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालीफाई करने वाली टीमों का फैसला होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल दसवें स्थान पर मौजूद वेस्टइंडीज के सामने बड़ी चुनौती है। टीम के पास अभी समय है, लेकिन उसे लगातार अच्छे प्रदर्शन के जरिए अपनी रैंकिंग में सुधार करना होगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दो बार की विश्व चैंपियन टीम शीर्ष-9 में जगह बनाकर सीधे विश्व कप में पहुंचती है या फिर उसे क्वालीफायर खेलना पड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here