NST NEWS, भोपाल. बीडीसीए द्वारा आयोजित एच.एम.जी. कप 2026 अंडर-15 बॉयज लिमिटेड ओवर इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अरेरा क्रिकेट अकादमी को 62 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। डी.पी.एस. खेल मैदान पर खेले गए मुकाबले में सेंचुरियन अकादमी ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार खेल दिखाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाए। टीम की ओर से शिवांशु मिश्रा ने 57 रन, अनिमेष सक्सेना ने 56 रन और नीलांग मिश्रा ने नाबाद 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अयान खान ने भी 30 रन का योगदान दिया। अरेरा क्रिकेट अकादमी की ओर से आदित्य सोलंकी ने 3 विकेट और विराज चतुर्वेदी ने 2 विकेट हासिल किए।
238 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरेरा क्रिकेट अकादमी निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 175 रन ही बना सकी। टीम के लिए विवान द्विवेदी ने 56 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि केतन रेवाड़ीकर 29 रन बनाकर नाबाद रहे। सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी की ओर से अद्विक अरोरा ने 3 विकेट और शिवांशु मिश्रा ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिवांशु मिश्रा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने 57 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी अपने नाम किए। इस जीत के साथ सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला वीएस अकादमी से होगा। फाइनल मुकाबला प्रातः 8 बजे से खेला जाएगा, जबकि टूर्नामेंट का पुरस्कार वितरण समारोह शाम 4:30 बजे आयोजित किया जाएगा।


