मध्यप्रदेश के 6 दिव्यांग क्रिकेटरों का इंडिया ए एवं बी सीरीज़ के लिए चयन, भोपाल के वेदांत गुप्ता पर रहेंगी निगाहें

0

NST NEWS, भोपाल.  मध्यप्रदेश के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) द्वारा आयोजित होने वाली “केसरी दिव्यांग टूर्नामेंट 2026” की इंडिया ए एवं बी सीरीज़ के लिए मध्यप्रदेश के छह खिलाड़ियों का चयन किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 13 से 15 जून 2026 तक हरियाणा के यमुनानगर में आयोजित की जाएगी, जहां देश के सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग क्रिकेटर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

चयनित खिलाड़ियों में भोपाल के विकेटकीपर बल्लेबाज वेदांत गुप्ता, नागदा के बल्लेबाज लकी कराड़िया, इंदौर/सेंधवा के मध्यक्रम बल्लेबाज लोकेन्द्र आर्य, सतना के ऑलराउंडर मिथिलेश सिंह, छतरपुर के मीडियम फास्ट गेंदबाज रामकिशोर यादव और ग्वालियर के स्पिनर रामबरन यादव शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और अब उन्हें इंडिया ए एवं बी सीरीज़ में अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा।

भोपाल के वेदांत गुप्ता इस चयन के बाद विशेष चर्चा में हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में उन्होंने इस वर्ष मध्यप्रदेश की ओर से शानदार प्रदर्शन किया है। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और सटीक विकेटकीपिंग के दम पर वे टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इंडिया ए टीम में जगह दी गई है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वे इस सीरीज़ में मध्यप्रदेश के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं।

वहीं लोकेन्द्र आर्य, लकी कराड़िया और रामबरन यादव ने भी अपने निरंतर प्रदर्शन से प्रदेश की दिव्यांग क्रिकेट प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। सभी खिलाड़ी अब आगामी सीरीज़ में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में अपनी दावेदारी मजबूत करने की तैयारी में जुटे हैं।  दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन मध्यप्रदेश के इंदौर प्रमुख जयप्रकाश मिश्रा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here