उज्जैन फाल्कंस की जीत में योगदान देकर खुश हूं: माधव तिवारी

0

INDORE. आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्यप्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में भोपाल लेपर्ड्स पर मिली 16 रन की जीत के बाद उज्जैन फाल्कंस के हरफनमौला खिलाड़ी माधव तिवारी ने खुशी जताते हुए कहा कि टीम की जीत में योगदान देना उनके लिए सबसे बड़ी संतुष्टि की बात है। होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में माधव तिवारी ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए पहले बल्ले से नाबाद 61 रन बनाए और बाद में गेंदबाजी में 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत उज्जैन फाल्कंस ने 195/8 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और अंततः मुकाबला 16 रन से अपने नाम किया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ माधव तिवारी चार मैचों में 194 रन बनाकर टूर्नामेंट के नए ऑरेंज कैप धारक भी बन गए हैं।

मैच के बाद माधव तिवारी ने कहा कि यह जीत टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। उन्होंने कहा, “हमारे लिए सबसे जरूरी यह जीत हासिल करना था क्योंकि इससे टूर्नामेंट में हमें जरूरी गति मिलेगी। हमने प्रतियोगिता की शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन इसके बाद कुछ करीबी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में मजबूत वापसी करना जरूरी था। ड्रेसिंग रूम का माहौल पूरे समय सकारात्मक रहा। कोच, सपोर्ट स्टाफ और टीम प्रबंधन ने लगातार हमारा उत्साह बढ़ाया और सभी खिलाड़ी वापसी के लिए प्रतिबद्ध थे।”

अपनी शानदार बल्लेबाजी को लेकर माधव ने कहा कि उनकी कोशिश शुरुआत में विकेट को समझने और कुछ समय क्रीज पर बिताने की थी। उन्होंने कहा, “बल्लेबाजी के दौरान मेरा ध्यान शुरुआत में पिच को समझने पर था। एक बार जब मैं सेट हो गया तो अपने शॉट्स खेलने में सफल रहा और पारी को अच्छे तरीके से खत्म कर पाया। सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि मेरा प्रदर्शन टीम की जीत में काम आया।”उज्जैन फाल्कंस की इस जीत से टीम ने टूर्नामेंट में शानदार वापसी की है। वहीं माधव तिवारी बल्ले और गेंद दोनों से लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए टीम के अभियान में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here