नई दिल्ली : टी20 मुंबई 2026 का 19वां लीग मुकाबला सोबो मुंबई फाल्कन्स और नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के बीच खेला गया, जिसमें मुंबई फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की। टीम की इस जीत के सबसे बड़े नायक इशान मूलचंदानी रहे, जिन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर लक्ष्य का पीछा आसान बना दिया। हालांकि, इस जीत के बावजूद मुंबई फाल्कन्स के 6 अंक हो गए, लेकिन बेहतर नेट रन रेट और अंक तालिका की स्थिति के कारण टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकी ।इस मुकाबले की एक और बड़ी चर्चा टीम के स्टार खिलाड़ी श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी रही, क्योंकि वह मुंबई फाल्कन्स की ओर से मैदान पर नहीं उतरे। उनकी अनुपस्थिति के बावजूद टीम ने संतुलित प्रदर्शन किया और इशान मूलचंदानी की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत जीत अपने नाम की।
सोबो मुंबई फाल्कन्स और नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के बीच खेले गए इस मुकाबले में नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, मुंबई फाल्कन्स के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम को 19.2 ओवर में 157 रन पर समेट दिया। इसके बाद 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई फाल्कन्स ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 18.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया, जिससे टीम ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। मुंबई फाल्कन्स की जीत में गेंदबाज मयूरेश टंडेल का योगदान सबसे अहम रहा। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए और नॉर्थ मुंबई पैंथर्स की बल्लेबाजी को बड़े स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इशान मूलचंदानी के अर्धशतक ने दिलाई जीत, वैभव ने झटका एक विकेट
इशान ने अपनी टीम यानी मुंबई फाल्कन्स के लिए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और 45 गेंदों पर 65 रन ठोके। इस दौरान उन्होंने 5 छक्के और 2 चौके भी लगाए और अपनी टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। गौतम भरत वाघेला ने भी कमाल की पारी खेली और 30 गेंदों पर 45 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर ही पवेलियन वापस लौटे। नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के लिए वैभव माली ने 4 ओवर में 30 रन देकर एक विकेट लिए जबकि राहुल और प्रतीक को भी एक-एक विकेट मिले।
मयूरेश टंडेल की घातक गेंदबाजी, चार विकेट लेकर पलटा मैच
नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के खिलाफ सोबो मुंबई फाल्कन्स की जीत में गेंदबाज मयूरेश टंडेल का प्रदर्शन सबसे अहम रहा। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 30 रन खर्च करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को बड़े स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया। उनकी सटीक गेंदबाजी का ही नतीजा रहा कि नॉर्थ मुंबई पैंथर्स की टीम 157 रन पर सिमट गई।
नॉर्थ मुंबई पैंथर्स की ओर से अभिज्ञान कुंडू ने सबसे अधिक 45 रन बनाए। उन्होंने 21 गेंदों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाने की कोशिश की। वहीं अनीस चौधरी ने 23 गेंदों पर 32 रन का योगदान दिया, लेकिन कप्तान हार्दिक तामोरे बड़ी पारी नहीं खेल सके और 4 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके अलावा सिद्धार्थ आकरे ने 16 रन, जबकि आर्यराज संजय निकम ने 17 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को सम्मानजनक स्कोर से आगे नहीं ले जा सके।


