नई दिल्ली : अफगानिस्तान ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के मुकाबले में इंडिया ए के मध्यक्रम के बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखा। इस मैच से पहले उन्होंने श्रीलंका ए के खिलाफ बेहतरीन शतकीय पारी खेलकर अपनी लय का परिचय दिया था और अफगानिस्तान के खिलाफ भी उसी आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते नजर आए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने पारी को संभालते हुए धैर्य और आक्रामकता का अच्छा संतुलन दिखाया। ऋतुराज क्रीज पर पूरी तरह से सेट दिखाई दे रहे थे और बड़ी पारी की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उनकी अच्छी लय को अफगानिस्तान ए के गेंदबाज फरमानुल्लाह साफी ने तोड़ दिया। साफी ने उन्हें आउट कर भारत ए को एक महत्वपूर्ण झटका दिया, हालांकि इससे पहले ऋतुराज अपनी टीम के लिए अहम योगदान देने में सफल रहे।
66 रन की दमदार पारी के साथ चमके ऋतुराज गायकवाड़
ऋतुराज गायकवाड़ ने अफगानिस्तान के खिलाफ इस मैच में अपना अर्धशतक 65 गेंदों पर पूरा किया और वो 80 गेंदों पर 66 रन बनाकर आउट हुए। ऋतुराज ने अपनी इस पारी के दौरान सिर्फ 3 चौके लगाए यानी उन्होंने ज्यादातर रन सिंगल और डबल्स के जरिे हासिल किया। उन्होंने बेहद सधे अंदाज में इंडिया ए की पारी को आगे बढ़ाने में मदद की। ऋतुराज गायवाड़ का ये लिस्ट ए क्रिकेट में 97वीं पारी थी और इसमें उन्होंने अर्धशतक लगाया। ऋतुराज ने अब तक इन पारियों में 21 शतक और 20 अर्धशतक लगाए हैं और उनका औसत इस दौरान 60 प्लस का है। ऋतुराज ने बेशक आईपीएल 2026 में अपना जलवा नहीं दिखाया था, लेकिन श्रीलंका दौरे पर उन्होंने पहले दोनों मैचों में टीम के लिए रन बनाए।
अफगानिस्तान ए के खिलाफ मुकाबले में इंडिया ए को उसके शीर्ष क्रम से शानदार शुरुआत मिली। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 44 रन की तेज पारी खेली, जबकि दूसरे ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 84 रन बनाए। हालांकि, तीसरे नंबर पर उतरे प्रियांश आर्या सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि आयुष बदोनी बिना खाता खोले ही गोल्डन डक का शिकार हो गए।
शीर्ष क्रम के दो त्वरित झटकों के बाद ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 78 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इस दौरान ऋतुराज ने संयमित अंदाज में बल्लेबाजी की, जबकि तिलक वर्मा ने भी शानदार अर्धशतक लगाकर अपनी टीम के लिए अहम योगदान दिया।


