फीफा विश्व कप 2026 में अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व करेंगी 4 भाइयों की जोड़ियां

0

नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 के आगाज में अब 24 घंटे से भी कम का समय बचा है और इस बार 48 टीमें खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी। इस संस्करण में कई दिलचस्प कहानियां देखने को मिलेंगी, जिनमें खिलाड़ियों के पारिवारिक रिश्ते भी खास आकर्षण का केंद्र हैं। टूर्नामेंट में कुल सात भाइयों की जोड़ियां शामिल हैं, जिनमें से तीन जोड़ियां एक ही देश का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी। थियो हर्नांडेज और लुकास हर्नांडेज फ्रांस के लिए खेलेंगे, जबकि जुनिन्हो बाकुना और लिएंड्रो बाकुना कुराकाओ की ओर से मैदान में उतरेंगे।

वहीं, डेरॉय डुआर्टे और लारोस डुआर्टे काबो वर्डे का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अलावा ज्यूरिएन टिम्बर और क्विंटन टिम्बर भी नीदरलैंड की ओर से खेल सकते थे, लेकिन ज्यूरिएन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। वहीं, इस विश्व कप की सबसे अनोखी बात यह है कि चार भाइयों की जोड़ियां अलग-अलग देशों की जर्सी में नजर आएंगी। एक ही परिवार से जुड़े खिलाड़ी अलग-अलग राष्ट्रीय टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे टूर्नामेंट में रोमांच और भी बढ़ने वाला है।

ब्रायन ब्रॉबी और डेरिक लुकासेन

30 वर्षीय सेंटर बैक डेरिक लुकासेन और 24 वर्षीय स्ट्राइकर ब्रायन ब्रॉबी फीफा विश्व कप 2026 में अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। डेरिक घाना की ओर से मैदान में उतरेंगे, जबकि उनके छोटे भाई ब्रायन ब्रॉबी नीदरलैंड्स की जर्सी पहनेंगे। दोनों खिलाड़ियों के माता-पिता मूल रूप से घाना से संबंध रखते हैं, लेकिन दोनों भाइयों ने अपने-अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए अलग-अलग देशों का चयन किया है। दिलचस्प बात यह है कि डेरिक लुकासेन को घाना की टीम में चोटिल खिलाड़ी के स्थान पर शामिल किया गया है। इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर मिली इस जगह के बाद अब उन्हें विश्व कप जैसे बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ने का सुनहरा मौका मिलेगा, जबकि दूसरी ओर ब्रायन ब्रॉबी नीदरलैंड्स के आक्रमण की जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आएंगे।

जॉन साउटार और हैरी साउटार

जॉन साउटार (बाएं) और हैरी साउटार का जन्म स्कॉटलैंड में हुआ था। दोनों भाई डिफेंडर की भूमिका में खेलते हैं। जॉन स्कॉटलैंड और हैरी ऑस्ट्रेलिया की फीफा विश्व कप टीम में हैं। उनकी मां का जन्म ऑस्ट्रेलिया में हुआ था जबकि पिता स्कॉटलैंड से थे। इसकी दोनों भाई दोनों देशों के लिए खेलने के पात्र हैं।

निको विलियम्स और इनाकी विलियम्स

फीफा विश्व कप के लिए स्पेन की टीम में 23 साल के निको विलियम्स (बाएं) को जगह मिली है। 30 मैच में उनके नाम 6 गोल हैं। वह 2024 में यूरो जीतने वाली स्पेन टीम में थे। उनके बड़े भाई इनाकी विलियम्स ने 2016 में स्पेन के लिए डेब्यू किया था। 2022 से वह घाना के लिए खेल रहे हैं। दोनों भाई एक ही क्लब एथलेटिक बिलबाओ के लिए खेलते हैं।

डेसिरे डौए और गुएला डौए

डेसिरे डौए को फीफा विश्व कप 2026 के लिए फ्रांस की टीम में शामिल किया गया है। पेरिस सेंट-जर्मेन के इस युवा विंगर को दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली उभरते खिलाड़ियों में से एक माना जाता है और उनके चयन को टीम के भविष्य के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं उनके बड़े भाई गुएला डौए इस टूर्नामेंट में आइवरी कोस्ट की ओर से खेलते नजर आएंगे। दोनों भाइयों के पिता आइवोरियन मूल के हैं जबकि मां फ्रांसीसी हैं, जिसके चलते दोनों के पास दोहरी नागरिकता है और उन्होंने अपने-अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व चुना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here