नई दिल्ली: महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपना पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना चाहेगी और उसकी कोशिश इस बार महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीतने की होगी। हालांकि इंग्लैंड में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत के लिए चैंपियन बनना आसान नहीं होगा, लेकिन वनडे विश्व कप जीत चुकी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पास दमदार खिलाड़ियों का ऐसा संयोजन है, जो बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश कर सकता है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पहला मुकाबला ही पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ है और इस हाई-वोल्टेज मैच में टीम इंडिया किसी भी कीमत पर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए जीत से कम कुछ भी स्वीकार्य नहीं होगा और इसके लिए उसे अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरना पड़ सकता है। पाकिस्तान के खिलाफ इस अहम मुकाबले के लिए भारत की सबसे मजबूत संभावित प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है, इसे लेकर एआई प्लेटफॉर्म Google के जेमिनी मॉडल ने अपनी संभावित टीम का चयन किया है, जिसमें अनुभव और मौजूदा फॉर्म के आधार पर खिलाड़ियों को जगह दी गई है।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की प्लेइंग 11
Google के जेमिनी एआई के अनुसार, पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओर से पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा करेंगी। यह जोड़ी तेज शुरुआत दिलाने के लिए जानी जाती है, हालांकि मौजूदा समय में दोनों खिलाड़ियों का फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। जेमिनी की संभावित प्लेइंग इलेवन में तीसरे नंबर पर जेमिमा रोड्रिग्स को जगह दी गई है, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करती नजर आ सकती हैं। वहीं पांचवें स्थान पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष को रखा गया है, जो टीम में फिनिशर की भूमिका निभा सकती हैं।
Google के जेमिनी एआई द्वारा चुनी गई संभावित प्लेइंग इलेवन में छठे नंबर पर भारती फूलमाली को जगह दी गई है, जबकि सातवें स्थान पर दीप्ति शर्मा और आठवें नंबर पर राधा यादव को रखा गया है। दीप्ति और राधा दोनों स्पिन ऑलराउंडर हैं और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने की क्षमता भी रखती हैं। गेंदबाजी विभाग में ऑफ स्पिनर के रूप में श्री चरणी या श्रेयांका पाटिल में से किसी एक को मौका मिल सकता है। वहीं तेज गेंदबाजी आक्रमण में रेणुका सिंह ठाकुर की जगह लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरे पेसर के तौर पर अरुंधति रेड्डी और नंदनी शर्मा में से किसी एक को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है।
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए भारत की एआई द्वारा चुनी गई संभावित प्लेइंग इलेवन
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल / श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी / नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का कार्यक्रम
14 जून, पाकिस्तान, शाम 7 बजे से
17 जून, नीदरलैंड्स, शाम 7 बजे से
21 जून, दक्षिण अफ्रीका, शाम 7 बजे से
25 जून, बांग्लादेश, शाम 7 बजे से
28 जून, आस्ट्रेलिया, शाम 7 बजे से


