रोहित शर्मा के निशाने पर 37 साल पुराना कीर्तिमान, मोहिंदर अमरनाथ को छोड़ सकते हैं पीछे

0

नई दिल्ली: रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक बार फिर भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। ‘हिटमैन’ आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल हो गए थे और वापसी के बाद उन्होंने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में ही मैच खेले थे। अब रोहित पूरी तरह फिट हैं और पहले वनडे में शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार धर्मशाला में होने वाले पहले वनडे में मैदान पर उतरते ही रोहित शर्मा एक खास उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। इस मुकाबले के साथ वह एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी या उसे पीछे छोड़ते हुए रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज कराने के बेहद करीब पहुंच जाएंगे।

रोहित शर्मा बन सकते हैं वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय क्रिकेटर

रोहित जब अफगानिस्तान के खिलाफ पहला वनडे खेलने उतरेंगे तब वो 39 साल 44 दिन के होंगे और वो भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले भारत की तरफ सबसे ज्यादा उम्र में वनडे खेलने वाले खिलाड़ी मोहिंदर अमरनाथ थे जिन्होंने अपना आखिरी मैच 39 साल 36 दिन की उम्र में खेला था। मोहिंदर अमरनाथ 1983 में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के उप-कप्तान थे।

सचिन तेंदुलकर ने जब अपना आखिरी वनडे मैच खेला, तब वे 38 साल के थे। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मार्च 2012 में खेला था। 2013 में जब मास्टर ब्लास्टर ने अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला, तब वे 40 साल से ज्यादा उम्र के थे। अगर रोहित 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक खेलते रहते हैं, तो वे 40 साल की उम्र में वनडे खेलने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। हालांकि रोहित वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलेंगे या नहीं ये पूरी तरह से साफ नहीं है।

रोहित शर्मा ने साल 2007 में वनडे क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। शुरुआती वर्षों में वह 2013 तक राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने और खोने के दौर से गुजरते रहे। मिडिल ऑर्डर में संघर्ष के बाद जनवरी 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान तत्कालीन कप्तान एमएस धोनी ने उन्हें पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी सौंपी। रोहित ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया और शिखर धवन के साथ मिलकर भारत की सबसे सफल ओपनिंग जोड़ियों में से एक बनाई। दोनों ने 2022 तक लंबे समय तक भारतीय टीम के लिए शानदार साझेदारियां निभाईं।

ओपनर के तौर पर रोहित का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है और उन्होंने 282 वनडे मैचों में 11,577 रन बनाए हैं, जिसमें 33 शतक शामिल हैं। रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता और 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल तक का सफर तय किया, जिससे वह भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों और कप्तानों में शुमार हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here