फीफा विश्व कप 2026: कनाडा ने ड्रॉ से बचाई लाज, अमेरिका ने पैराग्वे को 4-1 से रौंदा

0

नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले दिन मेजबान मैक्सिको ने साउथ अफ्रीका को हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था। इसके बाद दूसरे दिन संयुक्त मेजबान कनाडा जीत दर्ज नहीं कर सका, लेकिन उसने बोस्निया हर्जेगोविना के खिलाफ 1-1 की बराबरी के साथ हार टाल दी। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में मेजबान अमेरिका ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पैराग्वे को 4-1 से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टोरंटो में खेले गए कनाडा के मुकाबले से पहले भव्य ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री और गायिका नोरा फतेही ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं दूसरे मुकाबले से पहले लॉस एंजलेस के सोफी स्टेडियम में भी रंगारंग कार्यक्रम हुआ, जहां अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार कैटी पेरी ने मंच पर जलवा बिखेरा। इससे पहले टूर्नामेंट के उद्घाटन दिवस पर मैक्सिको में आयोजित ओपनिंग सेरेमनी में शकीरा समेत कई वैश्विक सितारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया था।

कनाडा बनाम बोस्निया हर्जेगोविना: 1-1 ड्रॉ मैच की बड़ी बातें

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कनाडा को फुटबॉल के महासंग्राम फीफा वर्ल्ड कप में पहला अंक मिला है। टीम ने टूर्नामेंट के इतिहास में लगातार छह हार का सिलसिला तोड़ा है। बोस्निया की टीम ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा दिखाना शुरू कर दिया था। अमार मेमिक और जोवो लुकिक ने शुरुआती प्रहार किए। 21वें मिनट में ही बोस्निया ने कनाडा के खिलाफ लीड बना ली थी। लुकिक और सीड कोलासिनाक की जोड़ी ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाया और मैच का पहला गोल दागा। इसके बाद मैच के 79वें मिनट तक कोई गोल नहीं हुआ। दोनों टीमों का डिफेंस शानदार था।

मैच के 77वें मिनट में कनाडा ने सुपर सब काइल लारिन को मैदान पर उतारा और उन्होंने आते ही मुकाबले का रुख बदल दिया। मैदान पर आने के महज दो मिनट बाद लारिन ने साथी सब्स्टीट्यूट जोनाथन डेविड के शानदार फ्लिक पर बेहतरीन गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार निर्धारित 90 मिनट पूरे होने के बाद 6 मिनट का अतिरिक्त समय भी जोड़ा गया, लेकिन दोनों टीमों के बीच कोई और गोल नहीं हो सका और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। अब 18 जून को कनाडा का अगला मुकाबला कतर से होगा, जबकि बोस्निया हर्जेगोविना की टीम ग्रुप-बी की मजबूत दावेदार स्विट्जरलैंड से भिड़ेगी।

यूएसए का दमदार प्रदर्शन, पैराग्वे पर 4-1 की बड़ी जीत

32 साल बाद फीफा विश्व कप की मेजबानी कर रहे अमेरिका ने 2026 विश्व कप में बेहतरीन जीत से आगाज किया है। पैराग्वे की शुरुआत इस मैच में खराब रही और 7वें मिनट में बोबाडिल्ला ने आत्मघाती गोल किया और यूएसए को लीड मिल गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के पहले आधे घंटे में बालोगन ने दूसरा गोल दाग दिया और अमेरिका की लीड 2-0 कर दी। हाफ टाइम से ठीक पहले फ्लोरियन बालोगन ने एक और गोल कर दिया।

पहले हाफ में ही 3-0 से पिछड़ने के बाद पैराग्वे ने दूसरे हाफ में वापसी की कोशिश की। हाफ टाइम के बाद मॉरिसियो ने टीम के लिए पहला गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया और घरेलू दर्शकों पर थोड़ा दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि यह गोल काफी देर से आया और मैच का रुख नहीं बदल सका। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद अगले 15 मिनट के भीतर अमेरिका के स्टार खिलाड़ी जियोवानी रेना ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 4-1 कर दिया। इसके बाद पैराग्वे की टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और अंत में अमेरिका ने दमदार प्रदर्शन के साथ शानदार जीत अपने नाम कर ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here