नई दिल्ली : फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो चुका है और टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मेजबान मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। वहीं, दूसरे मैच में दक्षिण कोरिया ने चेकिया को 2-1 से मात दी। इस बीच भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के मन में एक सवाल जरूर उठ रहा होगा कि आखिर भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का हिस्सा क्यों नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साथ ही कई लोग यह भी जानना चाहते हैं कि क्या भारत ने कभी फीफा वर्ल्ड कप खेला है। अगर आपके मन में भी यही सवाल हैं, तो यहां आपको इन दोनों सवालों के जवाब विस्तार से मिल जाएंगे।
2026 फीफा वर्ल्ड कप में भारत को क्यों नहीं मिली जगह?
भारतीय फुटबॉल टीम 2026 फीफा वर्ल्ड कप में इसलिए हिस्सा नहीं ले रही है क्योंकि वह क्वालिफाइंग चरण पार नहीं कर सकी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एशियाई क्वालिफायर में टीम इंडिया अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई और अगले दौर में जगह बनाने से चूक गई। इसी वजह से उसे इस बार के विश्व कप के लिए टिकट नहीं मिल सका। अब भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों की नजर भविष्य के टूर्नामेंटों पर रहेगी और उम्मीद होगी कि टीम आने वाले फीफा वर्ल्ड कप में क्वालिफाई कर इतिहास रचे।
टीम इंडिया ने फीफा वर्ल्ड कप में कब खेला था?
शायद आपको जानकर हैरानी हो, लेकिन टीम इंडिया ने कभी भी फीफा वर्ल्ड कप नहीं खेला है. दरअसल भारतीय टीम कभी टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर ही नहीं पाई.
एक बार मिला मौका, लेकिन मैदान पर नहीं उतर पाई टीम इंडिया
भारतीय फुटबॉल टीम को अब तक सिर्फ एक बार फीफा वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिला था, लेकिन वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकी। यह मौका 1950 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान आया था। द्वितीय विश्व युद्ध के कारण 1942 और 1946 में विश्व कप का आयोजन नहीं हो पाया था, जिसके बाद 12 साल के लंबे अंतराल के बाद 1950 में ब्राजील में टूर्नामेंट आयोजित हुआ।
उस समय 33 देशों ने क्वालिफाइंग राउंड में हिस्सा लेने की सहमति दी थी। भारत को क्वालिफाइंग ग्रुप-10 में बर्मा (अब म्यांमार) और फिलीपींस के साथ रखा गया था। हालांकि, भारत को छोड़कर दोनों टीमों ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके चलते भारतीय टीम बिना कोई मैच खेले ही विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर गई।
यह भारतीय फुटबॉल के इतिहास का अब तक का एकमात्र अवसर है, जब टीम इंडिया ने फीफा वर्ल्ड कप के लिए जगह बनाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि, विभिन्न कारणों के चलते भारत टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सका। आज तक इसकी कोई एक आधिकारिक वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन टीम के विश्व कप नहीं खेलने के पीछे कई अलग-अलग कारण बताए जाते हैं।


