नई दिल्ली : ग्लोबल फेडरेशन की ओर से क्वालिफिकेशन लिस्ट जारी होने के बाद यह साफ हो गया है कि BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु 10 सदस्यीय भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली में किया जाएगा। पीवी सिंधु ने 2019 में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था, जबकि 2017 और 2018 में उन्होंने रजत पदक जीते थे। मेजबान देश की प्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने BWF के क्वालिफिकेशन नियमों के तहत महिला एकल वर्ग में अपनी जगह बनाई है। 28 अप्रैल की विश्व बैडमिंटन रैंकिंग के आधार पर जारी क्वालिफिकेशन सूची के मुताबिक पुरुष और महिला एकल में 64-64 खिलाड़ी, जबकि प्रत्येक युगल स्पर्धा में 48 जोड़ियां इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में भारत को हर स्पर्धा में दो-दो खिलाड़ियों या जोड़ियों की सीधी एंट्री मिली है। पुरुष एकल में लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी ने क्वालिफाई किया है, जबकि महिला एकल में पीवी सिंधु के साथ उभरती हुई स्टार खिलाड़ी उन्नति हुड्डा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। पुरुष युगल में भारत की सबसे मजबूत दावेदारी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी से होगी, जिसने विश्व रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल कर टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है। वहीं, हरिहरन अम्सकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी भी पुरुष युगल में भारत की दूसरी प्रविष्टि होगी।
महिला युगल में विश्व रैंकिंग में 30वें स्थान पर मौजूद त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी के साथ कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी की जोड़ी भारतीय चुनौती पेश करेगी। इसके अलावा मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो ने 21वीं रैंकिंग के आधार पर जगह बनाई है, जबकि रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गद्दे की जोड़ी भारत की दूसरी प्रविष्टि होगी। कई भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की रिजर्व सूची में भी शामिल हैं। पुरुष एकल में पूर्व विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणॉय रिजर्व खिलाड़ियों में हैं, जबकि महिला एकल में तन्वी शर्मा, अनमोल खरब, मालविका बंसोड़ और तस्नीम मीर को जगह मिली है।
BWF ने यह भी पुष्टि की है कि सभी पांचों स्पर्धाओं के मौजूदा चैंपियन इस बार अपने खिताब की रक्षा के लिए टूर्नामेंट में उतरेंगे। पुरुष एकल के मौजूदा चैंपियन चीन के शी यू की, पुरुष युगल के गत विजेता दक्षिण कोरिया के किम वॉन हो और सियो सेउंग जे, तथा महिला युगल की मौजूदा चैंपियन चीन की लियू शेंग शू और टैन निंग अपने-अपने वर्ग में शीर्ष वरीय खिलाड़ियों के रूप में क्वालिफाई कर चुके हैं। वहीं, महिला एकल की मौजूदा चैंपियन जापान की अकाने यामागुची तीसरी वरीयता के साथ उतरेंगी, जबकि मिश्रित युगल के गत चैंपियन मलेशिया के चेन तांग जी और तोह ई वेई चौथी वरीयता पर हैं।
BWF के नियमों के अनुसार, कोई भी सदस्य संघ किसी स्पर्धा में अधिकतम चार खिलाड़ी या जोड़ियां भेज सकता है, बशर्ते वे सभी विश्व रैंकिंग के शीर्ष-8 में हों। यदि खिलाड़ी या जोड़ियां शीर्ष-24 में हैं तो तीन प्रविष्टियां, जबकि पात्रता तिथि तक शीर्ष-150 में रहने पर दो प्रविष्टियां भेजी जा सकती हैं। वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के ड्रॉ की घोषणा टूर्नामेंट शुरू होने के करीब की जाएगी।
BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय बैडमिंटन टीम
पुरुष एकल: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी
महिला एकल: पीवी सिंधु, उन्नति हुड्डा
पुरुष युगल: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी, हरिहरन अम्सकरुणन/एमआर अर्जुन
महिला युगल: त्रिशा जॉली/गायत्री गोपीचंद पुलेला, कविप्रिया सेल्वम/सिमरन सिंघी
मिश्रित युगल: ध्रुव कपिला / तनीषा क्रास्टो, रोहन कपूर / रुथविका शिवानी गद्दे
भारत की रिजर्व टीम
पुरुष एकल: किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणॉय, थारुन मन्नेपल्ली, किरण जॉर्ज, मिथुन मंजूनाथ
महिला एकल: तन्वी शर्मा, ईशारानी बरुआ, देविका सिहाग, रक्षिता श्री रामराज, अनमोल खर्ब, अनुपमा उपाध्याय, मालविका बंसोड़, तान्या हेमंथ, तस्नीम मीर, श्रियांशी वलीशेट्टी
महिला युगल: प्रिया कोन्जेंगबाम/श्रुति मिश्रा, अश्विनी भट्ट के./शिखा गौतम, रुतपर्णा पांडा/श्वेतापर्णा पांडा
मिश्रित युगल: अशिथ सूर्या/अमृता प्रमुथेश, ध्रुव रावत/मनीषा के, मोहित जागलान/लक्षिता जागलान


