दोहा डायमंड लीग 2026: नीरज चोपड़ा बाहर, अब अरशद और रुमेश बनेंगे आकर्षण का केंद्र

0

नई दिल्ली : भारतीय स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा 19 जून को आयोजित होने वाली दोहा डायमंड लीग 2026 में हिस्सा नहीं लेंगे। इसका मतलब है कि वह उस मैदान पर इस साल वापसी नहीं करेंगे, जहां पिछले संस्करण में उन्होंने 90 मीटर का ऐतिहासिक थ्रो कर नया मुकाम हासिल किया था। आयोजकों की ओर से जारी एंट्री लिस्ट ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि पिछले चार वर्षों में यह पहला मौका होगा, जब नीरज चोपड़ा दोहा डायमंड लीग का हिस्सा नहीं होंगे।

भारतीय स्टार ने 2023 का इवेंट 88.67 मीटर के थ्रो के साथ जीता था। वह 2024 में 88.36 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे और पिछले साल 90.23 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड दर्ज किया था। लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर के 91.06 मीटर के थ्रो के कारण उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। हालांकि, कतर में होने वाली एथलेटिक्स मीट में नीरज चोपड़ा का हिस्सा न लेना पहले से ही तय था। दरअसल वह अभी भी स्विट्जरलैंड में 47 दिन के ऑफ-सीजन ट्रेनिंग कैंप में हैं। यह ट्रेनिंग कैंप कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स जैसे व्यस्त साल से पहले हो रहा है।

बिएन स्थित ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर में नीरज चोपड़ा का मौजूदा ट्रेनिंग कैंप 10 जुलाई तक चलेगा। भारतीय स्टार भाला फेंक खिलाड़ी आखिरी बार सितंबर 2025 में टोक्यो में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिस्पर्धा करते नजर आए थे और उन्होंने अभी तक अपने 2026 एथलेटिक्स सत्र की शुरुआत नहीं की है। हालांकि नीरज चोपड़ा इस बार दोहा डायमंड लीग में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पुरुष भाला फेंक स्पर्धा टूर्नामेंट के सबसे बड़े आकर्षणों में से एक रहेगी और दुनिया के कई शीर्ष एथलीटों पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम का मुकाबला श्रीलंका के रुमेश पथिरागे से होगा, जो इस महीने की शुरुआत में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का शानदार थ्रो करके वर्ल्ड लीडर के तौर पर कतर पहुंचे रहे हैं। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत 23 साल के श्रीलंका के एथलीट दुनिया की ऑल-टाइम लिस्ट में आठवें स्थान पर पहुंच गए। पेरिस 2024 ओलंपिक में अरशद नदीम के 92.97 मीटर के थ्रो के बाद पथिरागे का यह थ्रो अब एशिया में दूसरा सबसे अच्छा थ्रो बन गया है।

दोहा डायमंड लीग 2026 के पुरुष भाला फेंक मुकाबले में नीरज चोपड़ा भले ही नजर नहीं आएंगे, लेकिन प्रतियोगिता में कई बड़े स्टार एथलीट हिस्सा लेने वाले हैं। मौजूदा विश्व चैंपियन त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वालकॉट, पूर्व विश्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स और केन्या के अनुभवी जैवलिन थ्रोअर जूलियस येगो इस स्पर्धा की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा अमेरिका के पैन अमेरिकन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता कर्टिस थॉम्पसन और ओलंपिक व विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता चेकिया के याकुब वाडलेयच भी दोहा में अपनी चुनौती पेश करेंगे। दोहा मीट 2026 वांडा डायमंड लीग सीजन का सातवां चरण है। इस प्रतिष्ठित श्रृंखला का समापन 4 और 5 सितंबर को बेल्जियम के ब्रुसेल्स में होने वाले सीजन फाइनल के साथ होगा, जहां दुनिया के शीर्ष एथलीट खिताब के लिए मुकाबला करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here