नई दिल्ली : भारतीय महिला टीम महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। ग्रुप-ए का यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला रविवार को खेला जाएगा, जिस पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर इस मैच के साथ अपने करियर का 10वां महिला टी20 वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगी, जो उनके लंबे और शानदार सफर का एक और अहम पड़ाव होगा।
इस बार भारत को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीमों के साथ रखा गया है। ऐसे में सेमीफाइनल की दौड़ में बढ़त बनाने के लिए टीम इंडिया के लिए टूर्नामेंट के पहले ही मैच में जीत दर्ज करना बेहद महत्वपूर्ण होगा।
IND W vs PAK W, T20 World Cup 2026 से जुड़ी सभी जानकारियां:-
- महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच कब खेला जाएगा?
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबला रविवार यानी 14 जून 2026 को खेला जाएगा। - महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबला कहां खेला जाएगा?
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा। - महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच कितने बजे शुरू होगा?
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच रविवार को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा।
कैसा है महिला T20I में भारत बनाम पाकिस्तान का रिकॉर्ड?
भारत और पाकिस्तान के बीच अभी तक कुल 16 महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें से टीम इंडिया ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान की टीम सिर्फ तीन बार ही जीत पाई है। इस लिहाज से महिला टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच से जुड़ी लाइव टेलीकास्ट डिटेल्स
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर होगा। जबकि इस मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप पर होगी।
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड
भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, श्रेयांका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी।
पाकिस्तान महिला टीम: फातिमा सना शेख (कप्तान), आयशा जफर, अयमान फातिमा, इरम जावेद, मुनीबा अली सिद्दीकी, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, डायना बेग, गुल फिरोजा, नशरा संधू, रामीन शमीम, सादिया इकबाल, तस्मिया रुबाब, तूबा हसन।
बर्मिंघम की पिच पर किसे मिलेगा फायदा?
भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह मुकाबला बर्मिंघम में खेला जाएगा, जहां टूर्नामेंट का पहला मैच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच हुआ था। उस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 351 रन बनाए थे, जिससे साफ संकेत मिलता है कि यह पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल हो सकती है और बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं।
हालांकि, इसी मैच में इंग्लैंड की स्पिनर फ्रेया कैम्प ने चार विकेट झटके थे, जिससे भारतीय स्पिन आक्रमण को भी काफी उम्मीदें होंगी। दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, श्रेयांका पाटिल और राधा यादव जैसी स्पिन गेंदबाज इस सतह का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगी। वहीं, इंग्लैंड के ओवरकास्ट मौसम और हल्की नमी के कारण तेज गेंदबाजों को भी स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकती है। कुल मिलाकर बर्मिंघम की पिच पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए मदद रहने की संभावना है।


