नई दिल्ली : ‘बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान-अल्लाह’… यह कहावत वैभव सूर्यवंशी और उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी पर बिल्कुल सटीक बैठती है। 15 साल की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाकर वैभव ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, वहीं अब महज 10 साल के आशीर्वाद ने शानदार शतक जड़कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
जहां बड़े भाई वैभव अपनी उपलब्धियों से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं छोटे भाई आशीर्वाद भी कम उम्र में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से भविष्य के बड़े सितारे बनने की झलक दिखा रहे हैं। आशीर्वाद की इस यादगार पारी पर वैभव सूर्यवंशी भी काफी खुश नजर आए और उन्होंने अपने छोटे भाई पर खुलकर प्यार और गर्व जताया।
वैभव सूर्यवंशी ने आशीर्वाद सूर्यवंशी की शानदार शतकीय पारी को लेकर इंस्टाग्राम स्टोरी लगाई है। वैभव ने अपने भाई की तस्वीरों के साथ हार्म इमोजी लगाते हुए प्यार लुटाया और उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। आपको बता दें कि आशीर्वाद ने ताजपुर के एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में 87 गेंद पर 103 रन ठोके थे। इस पारी में उन्होंने 20 चौके और एक छक्का लगाया था।
पिता और बड़े भाई ने साझा की थी बड़ी जानकारी
10 वर्षीय आशीर्वाद सूर्यवंशी ने क्रिकेट एकेडमी ताजपुर की तरफ से खेलते हुए शतकीय पारी खेली थी। उनकी इस पारी पर सबसे पहले बड़े भाई उज्जवल सूर्यवंशी ने जानकारी दी थी। उन्होंने तस्वीरें, स्कोरकार्ड और वीडियो लिंक इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया था। उसके बाद पिता संजीव सूर्यवंशी ने भी फेसबुक पोस्ट से इसकी जानकारी दी थी। अब 15 साल के बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी ने भी छोटे आशीर्वाद की सराहना की है।
श्रीलंका में ट्राई सीरीज खेल रहे हैं वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी इस समय इंडिया ए टीम का हिस्सा हैं और तिलक वर्मा की कप्तानी में खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। युवा बल्लेबाज ने अब तक दो पारियों में 58 रन बनाए हैं। उन्होंने श्रीलंका ए के खिलाफ 12 गेंदों में 14 रन बनाए, जबकि अफगानिस्तान ए के विरुद्ध सिर्फ 22 गेंदों पर 44 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक दिखाई।
ट्राई सीरीज के बाद वैभव सूर्यवंशी भारतीय सीनियर टीम के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर जाएंगे। 26 जून से शुरू होने वाले इस दौरे को उनके करियर का एक और बड़ा पड़ाव माना जा रहा है, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।


