नई दिल्ली : टी20 मुंबई लीग के फाइनल मुकाबले में उस वक्त माहौल पूरी तरह गरमा गया जब आखिरी ओवरों में मैदान पर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। मैच के निर्णायक पल में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि सपोर्ट स्टाफ को भी मैदान की ओर दौड़ना पड़ा। Tushar Deshpande और Gaurav Jathar के बीच हुई तीखी बहस ने मुकाबले का रोमांच और विवाद दोनों बढ़ा दिए। इस घटना के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर क्रिकेट प्रशंसक लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
13 जून को खेले गए मुंबई T20 लीग के फाइनल में ARCS अंधेरी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए MSC मराठा रॉयल्स ने चिन्मय राजेश सुतार की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 5 विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में अंधेरी की टीम आखिरी तक लड़ती रही, लेकिन 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 146 रन ही बना सकी और मराठा रॉयल्स ने रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस मैच का सबसे बड़ा मोड़ 19वें ओवर में आया। अंधेरी की टीम लक्ष्य का पीछा कर रही थी और बल्लेबाज गौरव जाथर तेजी से रन बना रहे थे। उन्होंने स्पिनर इरफान उमैर की गेंद पर लंबा छक्का जड़कर मैच को रोमांचक बना दिया। उस समय मराठा रॉयल्स की टीम दबाव में नजर आ रही थी। हालांकि, अगले ही गेंद पर इरफान उमैर ने शानदार वापसी की और जाथर को LBW आउट कर दिया। जाथर ने 17 गेंदों में 23 रन बनाए। विकेट मिलते ही मराठा रॉयल्स के खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाना शुरू कर दिया, जो गौरव जाथर को बिल्कुल पसंद नहीं आया। यहीं से मामला बिगड़ गया। जाथर और मराठा रॉयल्स के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे के बीच मैदान पर तीखी बहस शुरू हो गई। दोनों खिलाड़ियों के बीच माहौल इतना गर्म हो गया कि अंपायर और बाकी खिलाड़ियों को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। किसी तरह मैदान पर मामला शांत कराया गया, लेकिन तनाव खत्म नहीं हुआ।
कुछ देर बाद विवाद फिर भड़क गया। मराठा रॉयल्स का एक खिलाड़ी सीधे ARCS अंधेरी के डगआउट के पास पहुंच गया, जहां कप्तान शिवम दुबे समेत बाकी खिलाड़ी बैठे थे। वहां एक बार फिर गौरव जाथर और विरोधी टीम के खिलाड़ी के बीच बहस शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख दोनों टीमों के सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और मामला शांत कराया।
फाइनल मुकाबले में हुए इस विवाद ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मैदान पर खिलाड़ियों के आक्रामक व्यवहार को लेकर अब मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन यानी MCA कार्रवाई कर सकता है। बताया जा रहा है कि मैच रेफरी की रिपोर्ट के आधार पर खिलाड़ियों पर जुर्माना या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है। हालांकि, इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच मराठा रॉयल्स ने ट्रॉफी जरूर जीत ली, लेकिन फाइनल का यह विवाद अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।


