NST NEWS, भोपाल. भोपाल जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रथम जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा के फाइनल मुकाबले रविवार को खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें खुशी बघेल ने दो वर्गों में खिताब जीतकर डबल क्राउन अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण समारोह में जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव एस. साबिर अली, टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन सुनील धर्माधिकारी, माहेश्वरी, कीर्ति डागा, वासुदेव तथा राजीव ने विजेताओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सचिव साबिर अली ने बताया कि जिले में इस वर्ष विभिन्न स्थानों पर इसी प्रकार की लगभग चार रैंकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के आधार पर जिले की उत्कृष्ट टीमों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गत वर्ष भोपाल के खिलाड़ियों ने राज्य टेबल टेनिस चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदकों सहित कुल नौ पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया था। इस वर्ष इससे भी बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य रखा गया है। प्रतियोगिता के अंत में आयोजन सचिव ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
फाइनल मुकाबलों के परिणाम:
- गर्ल्स अंडर-13: खुशी बघेल ने भव्याश्री को 2-0 से हराया।
- गर्ल्स अंडर-17: खुशी बघेल ने जाकिया को 3-2 से हराकर दूसरा खिताब जीता।
- महिला वर्ग: सुमैया ने जाकिया को 3-1 से पराजित किया।
- पुरुष वर्ग: शिवम ने रितेश को 3-2 से हराया।
- बॉयज अंडर-19: वीआन ने आरव को 3-1 से शिकस्त दी।
- बॉयज अंडर-17: हर्षित ने वीआन को 3-0 से हराया।
- बॉयज अंडर-15: उत्कर्ष ने अदम्य को 3-0 से पराजित किया।
- बॉयज अंडर-13: प्रज्ञान ने हिमांश को 2-0 से हराया।
- बॉयज अंडर-11: वैदिक ने आरनव को 2-0 से मात दी।


