नई दिल्ली: ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ दमदार शुरुआत की। इस मुकाबले में Smriti Mandhana की विस्फोटक बल्लेबाजी और Deepti Sharma की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान की टीम को पूरी तरह दबाव में ला दिया। शुरुआत से ही भारत ने मैच पर पकड़ बनाए रखी और हर विभाग में पाकिस्तान पर अपना दबदबा कायम रखा।
दरअसल, एजबेस्टन स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने के लिए 18 हजार 814 दर्शक पहुंचे, जो ICC वूमेंस T20 वर्ल्ड कप इतिहास के किसी भी ग्रुप स्टेज मैच में सबसे ज्यादा दर्शकों का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 2024 T20 वर्ल्ड कप में दुबई में खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच में 15935 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तूफानी रही। शेफाली वर्मा ने मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इरादे साफ कर दिए। हालांकि, वह ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स का विकेट गिरने से पाकिस्तान मैच में वापसी करता नजर आया। हालांकि, स्मृति मंधाना ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 68 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 36 रन का अहम योगदान दिया। आखिर में ऋचा घोष ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन ठोककर टीम के स्कोर को 20 ओवर में 170/6 तक पहुंचा दिया। इस तरह पाकिस्तान के खिलाफ वूमेंस T20 वर्ल्ड कप में भारत का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया और लगातार विकेट निकालकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। Deepti Sharma ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा पांच विकेट हॉल पूरा किया और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 106 रन पर सिमट गई, जिसके चलते भारत ने यह मुकाबला 64 रन से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में जोरदार शुरुआत की। अब भारत अपना अगला मुकाबला 17 जून को Headingley Stadium में Netherlands के खिलाफ खेलेगा, जबकि पाकिस्तान की टीम Edgbaston Stadium में South Africa से भिड़ेगी।


