नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया की टीम इस समय Bangladesh दौरे पर है, जहां हाल ही में दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज में मेजबान बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 से बाजी मारी। अब दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है, लेकिन सीरीज शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर Cameron Green ने टी20 सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है। बताया जा रहा है कि ग्रीन ने रेड-बॉल क्रिकेट की तैयारियों पर फोकस करने के लिए यह फैसला लिया है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम को संतुलन में बदलाव करना पड़ सकता है। दोनों टीमों के बीच पहला टी20 मुकाबला 17 जून को Chattogram में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक Cameron Green अपने वर्कलोड को मैनेज करने के लिए स्वदेश लौट गए हैं। आने वाले महीनों में ऑस्ट्रेलिया का रेड-बॉल शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है, जिसकी शुरुआत 13 अगस्त से Bangladesh के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से होगी। ऐसे में ग्रीन ने अपनी फिटनेस और तैयारी को प्राथमिकता देते हुए टी20 सीरीज से हटने का फैसला लिया है। हालांकि Cricket Australia ने उनकी जगह किसी नए खिलाड़ी के नाम का ऐलान नहीं किया है, क्योंकि टीम में पहले से ही Mitchell Marsh और Aaron Hardie जैसे सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर मौजूद हैं। हालांकि मार्श चोट की समस्याओं के चलते फिलहाल गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं, ऐसे में निखिल चौधरी के डेब्यू की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं।
कैमरन ग्रीन के बाहर होने की वजह से भारतीय मूल के क्रिकेटर निखिल चौधरी को ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले निखिल को हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम में शामिल किया गया है। इस समय ऑस्ट्रेलिया के मीडिया में उनकी काफी चर्चा हो रही है। इसकी वजह यह है कि अगर वे खेलते हैं, तो पिछले 60 साल से ज्यादा समय में ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले भारतीय मूल के पहले खिलाड़ी होंगे।
Nikhil Chaudhary मिडिल ऑर्डर के भरोसेमंद बल्लेबाज माने जाते हैं, जो जरूरत पड़ने पर अपनी उपयोगी लेग-स्पिन से भी टीम को संतुलन दे सकते हैं। बांग्लादेश की स्पिन-अनुकूल पिचों पर वह ऑस्ट्रेलिया के लिए एक मजबूत विकल्प साबित हो सकते हैं। Cameron Green के बाहर होने के बाद अब निखिल के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना और आसान हो गया है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए राहत की खबर भी सामने आई है। चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर रहे कप्तान Mitchell Marsh अब टी20 सीरीज में वापसी के लिए तैयार हैं। वहीं Travis Head, जिन्हें IPL 2026 के बाद आराम दिया गया था, अब फिर से टीम में लौटने वाले हैं। इन दोनों खिलाड़ियों की वापसी से ऑस्ट्रेलियाई टीम को मजबूती मिलेगी।


