नई दिल्ली: Vaibhav Suryavanshi एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका बल्ला नहीं बल्कि मैदान पर हुआ विवाद है। भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में सुपर ओवर में हार के बाद वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ी के साथ धक्का-मुक्की हो गई। मीडिया रिपोट के अनुसार इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट जगत में इसकी खूब चर्चा हो रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इस मामले में ICC क्या कदम उठाता है और क्या युवा बल्लेबाज को किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
मीडिया रिपोट के अनुसार दरअसल, दांबुला में खेले गए ट्राई ODI सीरीज के मुकाबले में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित 50 ओवर के बाद दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके चलते मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ। हालांकि, सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने बाजी मार ली और इंडिया ए को हार का सामना करना पड़ा।
मीडिया रिपोट के अनुसार मैच खत्म होने के बाद माहौल अचानक गर्म हो गया। श्रीलंका के विषेन हालाम्बागे और भारत के वैभव सूर्यवंशी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्का शारीरिक संपर्क भी देखने को मिला। हालात बिगड़ते देख श्रीलंका ए के विकेटकीपर निरोशन डिकवेला बीच-बचाव के लिए आगे आए और दोनों खिलाड़ियों को अलग किया। अब निगाहें मैच रेफरी पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि वह खिलाड़ियों को सिर्फ चेतावनी देते हैं या फिर आधिकारिक सजा भी सुनाते हैं।
ICC के कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.12 के तहत किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर या मैच रेफरी के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क करना नियमों का उल्लंघन माना जाता है। इस नियम के मुताबिक मैदान पर जानबूझकर या लापरवाही में किसी खिलाड़ी से टकराना, कंधा मारना या धक्का देना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में International Cricket Council खिलाड़ी को चेतावनी, मैच फीस में जुर्माना या डिमेरिट पॉइंट्स दे सकता है। अब सबकी नजर Vaibhav Suryavanshi के मामले पर है कि उन पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं। वहीं ट्राई सीरीज में भारतीय टीम का अगला मुकाबला 17 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ होगा, जहां टीम इंडिया के लिए जीत बेहद जरूरी मानी जा रही है।


