नई दिल्ली: दांबुला में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां मैच खत्म होने के बाद मैदान पर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। मीडिया रिपोट को अनुसार सुपर ओवर की समाप्ति के तुरंत बाद वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंका के एक खिलाड़ी के साथ धक्का-मुक्की हो गई, जिसकी चर्चा अब लगातार हो रही है। मीडिया रिपोट को अनुसार, इस घटना के बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वैभव श्रीलंका के पूर्व कप्तान से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं। इस खास मुलाकात में पूर्व कप्तान ने युवा बल्लेबाज को संयम बनाए रखने और अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित करने का अहम संदेश दिया।
IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद इंडिया ए टीम में जगह बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी इन दिनों श्रीलंका दौरे पर हैं। हालांकि, अब तक उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है। तीन मैचों में उन्होंने 14, 44 और 21 रन की पारियां खेली हैं, जबकि भारत ए की टीम भी ट्राई सीरीज से बाहर होने के कगार पर पहुंच गई है।
श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में वैभव उस समय सुर्खियों में आ गए, जब सुपर ओवर में हार के बाद मैदान पर उनका विरोधी खिलाड़ी से विवाद हो गया। बताया गया कि स्लेजिंग के बाद युवा बल्लेबाज अपना आपा खो बैठे और उन्होंने श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दे दिया। इस घटना के बाद एक ऐसी घटना हुई, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। श्रीलंका के पहले ODI कप्तान रहे अनुरा टेन्नेकून मैच खत्म होने के बाद करीब 1 घंटे तक भारतीय ड्रेसिंग रूम के बाहर इंतजार करते रहे, ताकि वह वैभव से मिल सकें।
जब वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका के पूर्व कप्तान से मिलने पहुंचे, तो उन्होंने सम्मान जताते हुए उनके पैर छुए। इसके बाद पूर्व कप्तान टेन्नेकून ने उन्हें गले लगाया और कुछ अहम बातें साझा कीं। उन्होंने युवा बल्लेबाज को साफ शब्दों में सलाह दी कि अपने खेल पर ध्यान केंद्रित रखो और बाहरी शोर-शराबे से खुद को दूर रखो। यह सलाह ऐसे समय में आई है, जब वैभव पर प्रदर्शन और मैदान पर व्यवहार को लेकर दबाव बना हुआ है। टेन्नेकून ने यह भी बताया कि उन्होंने आईपीएल के दौरान वैभव की बल्लेबाजी को करीब से देखा था और उनकी आक्रामक शैली से काफी प्रभावित हुए थे।


