नई दिल्ली: भारतीय ए क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका में चल रही तीन देशों की सीरीज में हिस्सा ले रही है, जहां टीम का प्रदर्शन तिलक वर्मा की कप्तानी में अब तक मिला-जुला रहा है। पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को हराकर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद तीसरा मुकाबला टाई रहा, हालांकि सुपर ओवर में भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी। इसी बीच टीम के स्क्वाड में बदलाव किया गया है, जिसमें अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया गया है, जबकि युद्धवीर सिंह को बाहर कर दिया गया है।
बीसीसीआई ने ट्राई सीरीज के बीच में ही भारतीय ए टीम के स्क्वाड में बदलाव कर दिया है। बीसीसीआई की ओर से इस बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि सिलेक्शन कमिटी ने श्रीलंका में चल रही ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए स्क्वॉड में युद्धवीर सिंह की जगह अशोक शर्मा को शामिल किया है। जानकारी दी गई है कि युद्धवीर ने 13 जून को बॉलिंग करते समय अपने दाहिने कंधे में तकलीफ बताई थी और 11 जून को फील्डिंग सेशन के दौरान भी उन्हें ऐसा ही दर्द हुआ था।
इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए बीसीसीआई ने कहा है कि मेडिकल टीम ने एक स्पेशलिस्ट से सलाह के बाद कहा है कि युद्धवीर दाहिने रोटेटर कफ की चोट से पूरी तरह ठीक होने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की देखरेख में एक ग्रेजुएटेड रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरें।
इस दौरान उन्होंने छह मैचों में छह विकेट हासिल किए थे। भले ही आंकड़ों में विकेट ज्यादा न हों, लेकिन अपनी धारदार गेंदबाजी से उन्होंने सभी को खासा प्रभावित किया था। अब ट्राई सीरीज में भारत का अगला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ होगा, जो 17 जून को खेला जाएगा। ऐसे में अशोक शर्मा को इस मैच में खेलने का मौका मिल सकता है। हालांकि टीम फाइनल तक का सफर तय कर पाएगी या नहीं, यह कहना अभी मुश्किल है।
ट्राई-सीरीज के लिए अपडेटेड इंडिया ए स्क्वॉड: तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कुमार कुशाग्र (विकेट कीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय, अशोक शर्मा।


