नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। अब बारी उन टीमों की है जिनसे खिताब जीतने की सबसे ज्यादा उम्मीदें लगाई जा रही हैं। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है, जबकि फ्रांस भी जीत के साथ टूर्नामेंट में धमाकेदार आगाज करने के इरादे से मैदान में उतरेगा। दिन के आखिरी मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम कांगो के खिलाफ खेलती नजर आएगी। ऐसे में फैंस को छठे दिन कई हाई-वोल्टेज मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा। ग्रुप स्टेज के इस दिन ग्रुप I और ग्रुप J की टीमें एक्शन में होंगी, जहां सबसे ज्यादा निगाहें अर्जेंटीना पर रहेंगी, जो खिताब बचाने के मिशन के साथ उतरेगी। वहीं फ्रांस भी अपने पहले मैच में मजबूत शुरुआत करना चाहेगा।
फ्रांस की टीम अपने अभियान का आगाज सेनेगल के खिलाफ करेगी। यूरोपीय दिग्गज टीम जीत के साथ टूर्नामेंट में संदेश देना चाहेगी, लेकिन अफ्रीकी टीम सेनेगल को हल्के में नहीं लिया जा सकता। यह मुकाबला न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार 17 जून को 12:30 AM पर मुकाबले का आगाज होगा।
ग्रुप I के दूसरे मुकाबले में इराक और नॉर्वे आमने-सामने होंगे। बोस्टन स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी, जिससे यह मुकाबला काफी दिलचस्प रहने की उम्मीद है। 17 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे से मुकाबला खेला जाएगा।
दिन का सबसे चर्चित मुकाबला अर्जेंटीना और अल्जीरिया के बीच खेला जाएगा। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। फुटबॉल फैंस की नजरें इस मुकाबले पर टिकी होंगी क्योंकि एक बार फिर अर्जेंटीना महान फुटबॉलर लियोनल मेसी वर्ल्ड कप में अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे। कैनसस सिटी स्टेडियम में 17 जून को सुबह 6:30 बजे से मुकाबला खेला जाएगा।
ग्रुप J के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रिया और जॉर्डन की टीमें भिड़ेंगी। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम होगा क्योंकि शुरुआती जीत उन्हें नॉकआउट की दौड़ में मजबूत स्थिति दिला सकती है। सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में 17 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे मुकाबला खेला जाएगा।
पुर्तगाल की टीम जब कांगो के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलने उतरेगी, तो सभी की नजरें दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर टिकी होंगी, जो एक बार फिर अपने अनुभव और नेतृत्व से टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की कोशिश करेंगे। यह मुकाबला 17 जून को ह्यूस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने की उम्मीद है। भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे से इस हाई-वोल्टेज मैच का आगाज होगा, जिसे लेकर फुटबॉल फैंस में काफी उत्साह है।


