धर्मेश पटेल के तूफानी शतक से रॉयल निमाड़ ईगल्स की एकतरफा जीत, इंदौर पिंक पैंथर्स को 8 विकेट से हराया

0

इंद्रजीत मौर्य इंदौर से

NST NEWS, इंदौर। मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) 2026 में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंदौर पिंक पैंथर्स को 8 विकेट से हराकर दमदार जीत दर्ज की। होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में धर्मेश पटेल ने नाबाद 108 रन की विस्फोटक पारी खेलकर जीत के नायक बने। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंदौर पिंक पैंथर्स की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 173 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज अथर्व जोशी ने 38 गेंदों पर 74 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा शुभम राठौर ने 26 और सरांश सुराना ने नाबाद 25 रन बनाए। कप्तान वेंकटेश अय्यर बड़ी पारी नहीं खेल सके और सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए।

रॉयल निमाड़ ईगल्स की ओर से कुमार कार्तिकेय सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके। पुष्कर विश्वकर्मा, धर्मेश पटेल, परुष मंडल और देवेंद्र सिंह कठैत को एक-एक विकेट मिला।  174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शशांक पाटीदार सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद धर्मेश पटेल और हिमांशु मंत्री ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। हिमांशु मंत्री ने 17 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

इसके बाद धर्मेश पटेल ने कनीष्क दुबे के साथ मिलकर मैच पूरी तरह ईगल्स के पक्ष में कर दिया। धर्मेश ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 56 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए। उनकी पारी में 12 छक्के शामिल रहे। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और पिंक पैंथर्स के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। कनीष्क दुबे ने भी नाबाद 31 रन का योगदान दिया।  धर्मेश और कनीष्क के बीच तीसरे विकेट के लिए 128 रनों की अविजित साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत रॉयल निमाड़ ईगल्स ने 16.5 ओवर में ही 174 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इंदौर पिंक पैंथर्स के गेंदबाज धर्मेश पटेल के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए। रोशन केवत और अन्वेष चावला को एक-एक विकेट मिला, जबकि अन्य गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई। धर्मेश पटेल की मैच जिताऊ शतकीय पारी के दम पर रॉयल निमाड़ ईगल्स ने न सिर्फ महत्वपूर्ण जीत हासिल की, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर दी।

रॉयल निमाड़ ईगल्स की इस शानदार जीत पर टीम के कोच संजय पांडेय ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने धर्मेश पटेल की शतकीय पारी की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। पांडेय ने कहा कि खिलाड़ियों ने मैच की परिस्थितियों के अनुरूप खेल दिखाया और इसी का परिणाम शानदार जीत के रूप में सामने आया। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखेगी और खिताब की दौड़ में मजबूती से बनी रहेगी।

प्लेयर ऑफ द मैच: धर्मेश पटेल (नाबाद 108 रन)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here