नई दिल्ली: इंडिया ए की टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर ट्राई सीरीज खेल रही है, जहां उसका मुकाबला अफगानिस्तान और श्रीलंका से हो रहा है। हालांकि इस टूर्नामेंट में अब तक भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। तिलक वर्मा की कप्तानी में टीम सिर्फ एक ही मुकाबला जीत सकी है, जिसके चलते अब फाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल होती जा रही है। टीम में वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, प्रभसिमरण सिंह और आयुष बडोनी जैसे कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में सफल नहीं रही। ऐसे में अब भारतीय टीम के सामने चुनौती सिर्फ जीत हासिल करने की नहीं, बल्कि बेहतर समीकरण और नेट रन रेट के साथ फाइनल की दौड़ में बने रहने की भी है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि इंडिया ए वापसी कर फाइनल का टिकट हासिल कर पाती है या नहीं।
इस ट्राई सीरीज में टीम इंडिया ने अभी तक तीन मैच खेले हैं। वहां उन्हें एक जीत मिली है और दो में हार का सामना करना पड़ा है। पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम अभी 2 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है। भारत ने श्रीलंका ए टीम को अपने पहले मैच में रोमांचक अंदाज में हराया था, जबकि दूसरा मैच जो बारिश से बाधित रहा था, वहां भी DLS नियम के तहत उन्हें अफगानिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं तीसरे मैच में मेजबान श्रीलंका से टाई हुए मैच में टीम इंडिया को सुपर ओवर में हार मिली थी। अब सिर्फ एक ही मैच इंडिया ए का बाकी है। उस एक मैच के बदौलत ही टीम इंडिया अब फाइनल का सफर तय कर सकती है।
दो मैच हारने के बाद भी टीम इंडिया इस सीरीज के फाइनल में पहुंच सकती है। इस सीरीज में इंडिया ए टीम इस वक्त दूसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर 3 मैचों में से दो मैच जीतने वाली श्रीलंका ए टीम है, वहीं तीसरे स्थान पर अफगानिस्तान ए की टीम है। हालांकि अगर भारतीय टीम अपने आखिरी मैच में अफगानिस्तान को हरा भी देती है तो भी टीम को फाइनल का टिकट नहीं मिलेगा। मैच जीतकर टीम फाइनल के लिए फाइनल में पहुंचने की उम्मीद काफी हद तक बढ़ जाएगी। अगर टीम इंडिया ये मैच हारती है तो उनका सफर यहीं खत्म हो जाएगा।
ऐसे में इंडिया ए के लिए अगला मुकाबला करो या मरो जैसा होने वाला है, जहां उसे हर हाल में अफगानिस्तान को हराना होगा। इस जीत के साथ भारतीय टीम के खाते में 4 अंक हो जाएंगे और फाइनल की उम्मीदें जिंदा रहेंगी। इसके बाद भारत को यह उम्मीद करनी होगी कि अफगानिस्तान अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका से हार जाए। अगर अफगानिस्तान जीत भी जाता है, तो भारत के लिए जरूरी होगा कि वह जीत बड़े अंतर से न हो, ताकि बेहतर नेट रन रेट के आधार पर इंडिया ए फाइनल में जगह बना सके। हालांकि बारिश भी भारत की उम्मीदों पर पानी फेर सकती है। अगर भारत और अफगानिस्तान का मुकाबला बारिश के कारण रद्द होता है, तो भारत की फाइनल की राह लगभग खत्म हो जाएगी, क्योंकि फिर अफगानिस्तान को सिर्फ श्रीलंका के खिलाफ जीत की जरूरत होगी। वहीं अगर अफगानिस्तान और श्रीलंका का मैच भी बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तब भी अफगानिस्तान अंक तालिका में बढ़त के साथ फाइनल में पहुंच जाएगा।


