ODI वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी में बड़ा बदलाव? प्लेइंग इलेवन से बाहर हो सकते हैं यशस्वी और कुलदीप

0

नई दिल्ली: वनडे विश्व कप 2027 अब ज्यादा दूर नहीं है और अगले साल होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए सभी टीमों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज भी उसी तैयारी का अहम हिस्सा मानी जा रही है। भारतीय टीम ने पहला मुकाबला शानदार अंदाज में अपने नाम कर लिया है और अब शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम की नजर दूसरे मैच पर टिकी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कप्तान जीत दिलाने वाले कॉम्बिनेशन को बरकरार रखेंगे या फिर आगामी चुनौतियों को देखते हुए प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

अगले वनडे विश्व कप में अब करीब डेढ़ साल का वक्त है। इससे पहले टीम इंडिया के पास पर्याप्त वनडे मैच हैं। कोशिश ये होनी चाहिए कम से कम अभी अलग अलग कॉबिनेशन को आजमाया जाए, ताकि आखिरी के कुछ मैचों में आप अपनी सबसे मजबूत टीम लेकर मैदान में जाएं। सलामी जोड़ी के तौर पर खुद कप्तान शुभमन गिल और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा उतरेंगे। रोहित के लिए ये वक्त बहुत अहम है। उनकी फिटनेस पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पिछले वनडे में भी उनके बल्ले से रन नहीं बने। वे 16 बॉल पर केवल 16 ही रन बना सके, इसमें एक ही छक्का शामिल रहा।

विराट कोहली की गैरहाजिरी में नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए कौन आएगा, ये सवाल था। यहां पर फिलहाल ईशान किशन को उतारा गया। उन्होंने 22 बॉल पर 34 रनों की एक छोटी सी पारी खेली। क्या अब यशस्वी जायसवाल को मौका दिया जाएगा। अभी सीरीज जीतने हारने का सवाल नहीं है। कौन सा बल्लेबाज कैसा प्रदर्शन कर रहा है, ये ज्यादा अहम है। दूसरा नहीं तो तीसरा, कम से कम एक मैच तो जायसवाल को मिलना ही चाहिए। वे टेस्ट के अहम बल्लेबाज हैं, लेकिन वनडे में अभी तक अपनी जगह नहीं बना पाए हैं, क्योंकि उन्हें खेलने के लिए मैच मिलते ही कहां हैं।

बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है और टीम लगभग उसी संयोजन के साथ उतर सकती है, जो पिछले मुकाबले में नजर आया था। यानी मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी की भूमिका अहम रहने वाली है। पिछले मैच में डेब्यू करने वाले हर्ष दुबे ने सिर्फ 5 ओवर में 3 विकेट लेकर सभी का ध्यान खींचा था, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट उन पर भरोसा कायम रखता है या फिर उनकी जगह कुलदीप यादव को मौका मिलता है। कुलदीप वनडे सेटअप का अहम हिस्सा हैं, लेकिन कई बार उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर भी रखा गया है। वहीं तेज गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा का खेलना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि गुरनूर बरार भी टीम में अपनी जगह बनाए रख सकते हैं। इसका मतलब यह है कि युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को अपने डेब्यू के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।

भारत की पूरी टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, ईशान किशन, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here