नई दिल्ली : भारतीय ए टीम ने ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान ए को हराकर शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ टीम इंडिया के चार अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। इसी के साथ भारतीय टीम का फाइनल में पहुंचना भी तय हो गया है। हालांकि फाइनल में उसका सामना किस टीम से होगा, इसका फैसला अभी बाकी है, जो श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर करेगा। मौजूदा समीकरणों को देखते हुए भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल होने की संभावना ज्यादा नजर आ रही है, लेकिन अफगानिस्तान को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उसे सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
ट्राई सीरीज में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया मुकाबला टीम इंडिया ने 101 रन से जीत लिया है। भारतीय टीम इस जीत के साथ ही पहले नंबर पर पहुंच गई है। भारत के भी चार अंक हो गए हैं। भारतीय टीम का नेट रन रेट भी श्रीलंका से अच्छा हो गया है, क्योंकि भारत ने इस मैच को बड़े अंतर से जीता है। ताजा अंक तालिका की बात करें तो टीम इंडिया पहले नंबर पर है। भारत ने चार मैच खेल लिए हैं, इसमें से दो में उसे जीत मिली है और दो में ही हार का भी सामना करना पड़ा है। भारत के चार अंक हैं और उसके नेट रन रेट 0.797 का है। इसके बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंका की टीम है। श्रीलंका के तीन ही मैच में चार अंक हैं और उसका नेट रन 0.494 का है।
अफगानिस्तान की टीम तीसरे नंबर पर है। अफगानिस्तान ने तीन में से एक ही मैच जीता है और उसके पास दो अंक हैं। अब अगर अफगानिस्तान को इस टूर्नामेंट का फाइनल खेलना है तो उसे ना केवल श्रीलंका को हराना होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। अफगानिस्तान का नेट रन रेट भी माइनस में 1.983 का है। यानी अगर अफगानिस्तान की टीम छोटे अंतर से जीती तो भी श्रीलंका की टीम फाइनल में चली जाएगी, लेकिन अगर टीम ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की और श्रीलंका के नेट रन रेट को पीछे छोड़ दिया तो फिर उसे भारत के खिलाफ फाइनल खेलने का मौका मिलेगा।
भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल की संभावनाएं ज्यादा दिख रही हैं। यानी वैभव सूयवंशी एक बार फिर से श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए नजर आएंगे। इस मैच में उनकी बल्लेबाजी पर नजर रहेगी। श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच मैच 19 जून यानी शुक्रवार को खेला जाएगा। इसी दिन फाइनल की दूसरी टीम तय हो जाएगी। इसके बाद टूर्नामेंट का फाइनल मैच 21 जून यानी रविवार को खेला जाएगा। देखना होगा कि भारतीय टीम किससे भिड़ती है और कैसा प्रदर्शन करती है।
इस बीच मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 319 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। यानी अफगानिस्तान को जीत के लिए 320 रन बनाने थे। एक वक्त टीम मैच में नजर आ रही थी, लेकिन 25 ओवर के बाद धड़ाधड़ विकेट गिरने से टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। पूरी टीम 36.5 ओवर की बल्लेबाजी में केवल 219 रन ही बना सकी।


