नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवरों में 401 रन बनाए। इस विशाल स्कोर में कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन का अहम योगदान रहा, जहां दोनों बल्लेबाजों ने शानदार शतकीय पारियां खेलीं। खास बात यह रही कि गिल और ईशान दोनों ने अपना-अपना शतक 80 गेंदों से कम में पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने एक ही वनडे मैच में ऐसा ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले किसी भी भारतीय बल्लेबाजों की जोड़ी ने नहीं किया था।
शुभमन गिल और ईशान किशन दोनों ने मिलकर जिस तेजी के साथ इस मुकाबले में रन बनाए उस दौरान कोई भी अफगानिस्तान का गेंदबाज उन्हें परेशानी में डालने में कामयाब नहीं हो सका। शुभमन गिल ने इस मैच में जहां 77 गेंदों में अपना शतक पूरा किया तो वहीं ईशान किशन ने वनडे में अपना तीसरा शतक पूरा करने के लिए सिर्फ 71 गेंदों का सामना किया था। इसी के साथ भारतीय टीम की तरफ से वनडे इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी एक मुकाबले में दो खिलाड़ियों ने 80 या उससे कम गेंदों में अपना शतक पूरा किया है। वहीं वनडे इतिहास में देखा जाए तो ऐसा सिर्फ 8वीं बार देखने को मिला है।
अफगानिस्तान के खिलाफ इस वनडे मुकाबले में शुभमन गिल और ईशान किशन के बीच में तीसरे विकेट के लिए 140 गेंदों में 224 रनों की साझेदारी की जो वनडे में अफगान टीम के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए अभी तक की संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी थी। टीम वहीं भारत की तरफ से वनडे क्रिकेट में तीसरे विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियों में ये चौथे नंबर पर थी।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ी साझेदारी
- डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) – 260 रन (साल 2015, पर्थ)
- हेमिल्टन मसाकाद्जा और सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) – 224 रन (साल 2014, बुलवायो)
- शुभमन गिल और ईशान किशन (भारत) – 224 रन (साल 2026, लखनऊ)


