नई दिल्ली : श्रीलंका में खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज में भारतीय-ए टीम ने अफगानिस्तान-ए के खिलाफ अहम मुकाबले में 101 रनों की शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस मैच में एक बार फिर सभी की नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर थीं। वैभव ने बल्लेबाजी में अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह अपनी पारी को बड़ी नहीं बना सके और 38 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद उन्होंने फील्डिंग में अपना जबरदस्त जलवा दिखाया। अफगानिस्तान-ए के बल्लेबाज खालिद तनीवाल का मिडविकेट पर वैभव ने पीछे मुड़ते हुए हवा में शानदार कैच लपका, जिसने सभी को हैरान कर दिया। इस बेहतरीन कैच के साथ वैभव ने अपनी फील्डिंग को लेकर सवाल उठाने वाले आलोचकों को भी करारा जवाब दे दिया।
अफगानिस्तान-ए टीम को भारतीय-ए टीम के खिलाफ इस मुकाबले में 320 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए उन्होंने 5.3 ओवर्स तक एक विकेट के नुकसान पर 46 रन बना लिए थे। टीम इंडिया की तरफ से इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे अंशुल कंबोज की चौथी गेंद पर अफगान बल्लेबाज खालिद तनीवाल ने शॉर्ट मिडविकेट के ऊपर से हवा में बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया ताकी बाउंड्री लगाई जा सके। वहां पर फील्डिंग कर रहे वैभव सूर्यवंशी ने हवा में आते इस शॉट को रोकने का प्रयास किया जिसमें गेंद उनके हाथ में लगी तो लेकिन आई नहीं जिसमें वह वैभव के पीछे की तरफ गिरने जा रही थी। वैभव सूर्यवंशी ने तुरंत गजब की फुर्ती दिखाते हुए पीछे मुड़ने के साथ हवा में डाइव लगाते हुए इस कैच को लपक लिया और तनीवाल को 13 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजने में अहम भूमिका अदा की।
वनडे ट्राई सीरीज के इस अहम मुकाबले में भारतीय-ए टीम के लिए फाइनल में जगह पक्की करने के लिए बड़ी जीत दर्ज करना बेहद जरूरी था और टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह काम कर दिखाया। इस जीत के साथ भारत ने खिताबी मुकाबले में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। अब 21 जून को खेले जाने वाले फाइनल में टीम इंडिया का सामना किससे होगा, इसका फैसला 19 जून को श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे से होगा। वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जो अब तक इस दौरे पर कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं, उनके पास फाइनल में अपने बल्ले से दम दिखाने और खुद को साबित करने का बेहतरीन मौका रहेगा।


