महज 15 साल की उम्र में बड़ा कारनामा, बिहार की बेटी ने 126 गेंदों में बनाए 306 रन

0

नई दिल्ली: Vaibhav Suryavanshi ने जहां महज 15 साल की उम्र में अपनी शानदार प्रतिभा से क्रिकेट जगत को प्रभावित करते हुए भविष्य के सुपरस्टार खिलाड़ियों की सूची में जगह बना ली है, वहीं अब बिहार से एक और युवा खिलाड़ी ने अपने बल्ले से ऐसा कमाल दिखाया है जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है।

बिहार महिला अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में रक्सौल की रहने वाली 15 वर्षीय Akshara Gupta ने इतिहास रचते हुए सिर्फ 126 गेंदों में नाबाद 306 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी ने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया और बिहार क्रिकेट में एक नई उम्मीद जगा दी है।

अक्षरा गुप्ता की यह पारी सिर्फ एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बिहार महिला क्रिकेट के लिए भी एक खास पल माना जा रहा है। इतनी कम उम्र में तिहरा शतक लगाकर उन्होंने साबित कर दिया है कि राज्य में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। साथ ही अक्षरा बिहार महिला क्रिकेट में सबसे कम उम्र में तिहरा शतक लगाने वाली खिलाड़ी भी बन गई हैं।

बिहार महिला अंडर-19 वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट में भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान पर खेले गए मुकाबले में अक्षरा गुप्ता का आक्रामक अंदाज देखने को मिला जिसमें उन्होंने क्रीज पर कुल 233 मिनट की अपनी बल्लेबाजी में जहां कुल 126 गेंदों का सामना किया। इस दौरान अक्षरा गुप्ता ने जहां 306 रनों की नाबाद पारी खेली तो वहीं उनके बल्ले से 55 चौके और 8 छक्के भी देखने को मिले। अक्षरा गुप्ता के बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 242.08 का देखने को मिला, जिसमें अक्षरा ने अपनी इस पारी में कुल 268 रन बाउंड्री की मदद से बना दिए। अक्षरा की इस पारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था। अपनी इस पारी के दम पर अक्षरा भारतीय घरेलू महिला क्रिकेट में उन चुनिंदा प्लेयर्स में शामिल हो गई हैं जो तिहरा शतक लगाने में कामयाब हो सकी हैं। घरेलू क्रिकेट में एक वनडे में महिला प्लेयर्स के सर्वाधिक स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह मुंबई की ईरा गुप्ता के नाम पर है जिन्होंने 346 रनों की पारी खेली है।

Akshara Gupta ने जिस तरह महज 15 साल की उम्र में 306 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, उसके बाद अब आने वाले समय में उन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। इतनी कम उम्र में ऐसा कारनामा कर अक्षरा ने साफ कर दिया है कि उनमें बड़े स्तर पर खेलने की पूरी क्षमता मौजूद है।

Vaibhav Suryavanshi की तरह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाली अक्षरा गुप्ता लगातार अपनी तकनीक और खेल को निखारने में जुटी हुई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उन्होंने नेट्स में अभ्यास करते हुए अपनी बल्लेबाजी के कई वीडियो भी साझा किए हैं, जिसमें उनकी मेहनत और समर्पण साफ नजर आता है।

अक्षरा गुप्ता की एक और खास उपलब्धि यह है कि वह क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में बिहार की टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन चुकी हैं। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके लिए बल्कि बिहार क्रिकेट के लिए भी गर्व का विषय है। अब फैंस को उम्मीद है कि आने वाले समय में अक्षरा राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सफल होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here