नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 में स्विट्जरलैंड के युवा मिडफील्डर जोहान मंजांबी ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया। बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ मुकाबले में बतौर विकल्प मैदान पर उतरने वाले 20 वर्षीय मंजांबी ने दो गोल दागकर स्विट्जरलैंड को 4-1 की शानदार जीत दिलाई और विश्व कप इतिहास में नया कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया।
मैच के 74वें मिनट में जब मंजांबी मैदान पर आए, तब मुकाबला 0-0 की बराबरी पर था और स्विट्जरलैंड लगातार दबाव बनाने के बावजूद गोल नहीं कर पा रहा था। मैदान पर उतरने के कुछ ही मिनट बाद मंजांबी ने अपनी टीम के खेल की रफ्तार बदल दी। अपने ही हाफ से गेंद लेकर उन्होंने शानदार मूव बनाया, रुबेन वर्गास के साथ बेहतरीन तालमेल बिठाया और फिर बॉक्स में मिली गेंद को ताकतवर शॉट से गोल में बदल दिया।
इसके बाद उन्होंने एक और गोल कर अपनी टीम की जीत पक्की कर दी। इस प्रदर्शन के साथ मंजांबी विश्व कप इतिहास में बतौर सब्स्टीट्यूट दो गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। डेसलीगा क्लब फ्राइबर्ग के लिए इस सीजन मंजांबी ने कई भूमिकाओं में खेलते हुए सात गोल और नौ असिस्ट दर्ज किए हैं। उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने पहले ही स्विस फुटबॉल में उन्हें खास पहचान दिला दी थी। स्विट्जरलैंड के पूर्व स्टार खिलाड़ी जेरदान शाकीरी भी उनके उज्ज्वल भविष्य की भविष्यवाणी कर चुके हैं।
मैच के बाद मंजांबी ने कहा, “यह अब तक मेरे करियर का सबसे बेहतरीन पल है। हमें पता था कि शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन हमें धैर्य रखना था। हम जानते हैं कि हमारी टीम मजबूत है और हमने यह साबित भी किया।”
स्विट्जरलैंड के मुख्य कोच मुरात याकिन ने भी युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मंजांबी ने सड़क पर फुटबॉल खेलकर अपनी स्वाभाविक शैली विकसित की है और टीम उन्हें खुलकर खेलने की आजादी देती है। यही आजादी और आत्मविश्वास इस मुकाबले में स्विट्जरलैंड की जीत की सबसे बड़ी वजह बना।


