ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी तय! कुलदीप यादव होंगे LSG का हिस्सा

0

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले होने वाले पहले बड़े ट्रेड में ऋषभ पंत अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स (DC) में वापसी कर सकते हैं। वहीं भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हिस्सा बन सकते हैं। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स पंत को 15 करोड़ रुपये में ट्रेड करेगी, जबकि कुलदीप यादव इस सौदे के तहत LSG से जुड़ेंगे।

पंत को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में LSG ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था और वह उस समय आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। दूसरी ओर, कुलदीप यादव को दिल्ली कैपिटल्स ने 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले 13.25 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। यदि यह ट्रेड पूरा होता है तो पंत आईपीएल इतिहास के दूसरे बड़े खिलाड़ी होंगे जिनकी ट्रेड के दौरान सैलरी कम होगी। इससे पहले रवींद्र जडेजा का चेन्नई सुपर किंग्स से राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड कम सैलरी पर हुआ था।

ऋषभ पंत ने 2016 में दिल्ली फ्रेंचाइजी से अपना आईपीएल करियर शुरू किया था। 2021 से 2024 के बीच उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए 44 मैचों में 24 जीत दर्ज कीं। हालांकि 2023 का सीजन वह कार दुर्घटना से उबरने के कारण नहीं खेल सके। 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले टीम प्रबंधन के साथ बातचीत के बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी छोड़ने का फैसला किया था।

लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ पंत का कार्यकाल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उनकी कप्तानी में टीम लगातार दो सीजन प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। आईपीएल 2026 में LSG 14 मैचों में सिर्फ चार जीत के साथ अंक तालिका में अंतिम स्थान पर रही। इसके बाद पंत ने कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया, जिसे फ्रेंचाइजी ने स्वीकार कर लिया।

पंत ने LSG के लिए कप्तान के रूप में 28 मैचों में 10 जीत और 18 हार दर्ज की। बल्लेबाजी में भी उनका प्रदर्शन अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा। उन्होंने आईपीएल 2025 में 269 और 2026 में 312 रन बनाए। अब अगर ट्रेड पूरा होता है तो उनकी वापसी हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी की तरह अपने पुराने घर लौटने वाली कहानी मानी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here