ह्यूस्टन। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील की हैती के खिलाफ जीत के दौरान मथियस कुन्हा का दूसरा गोल ‘मोमेंट ऑफ द डे’ चुना गया है। इस गोल ने न केवल मैच का रुख तय किया बल्कि ब्राजील की लड़खड़ाती शुरुआत को भी स्थिरता में बदल दिया। ऑफ-बैलेंस स्थिति में लगाए गए इस शानदार फिनिश को टूर्नामेंट के सबसे यादगार पलों में शामिल किया गया है।
ब्राजील शुरुआत में अपने पारंपरिक लय में नहीं दिखी और टीम में तालमेल की कमी साफ नजर आई। हालांकि पहले गोल से बढ़त लेने के बावजूद टीम का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर का नहीं था। ऐसे में 36वें मिनट में हुए एक तेज़ काउंटर अटैक ने मैच की दिशा बदल दी, जिसमें विनीसियस जूनियर और पाकाेता की समझदारी ने कुन्हा के लिए मौका तैयार किया।
कुन्हा ने मुश्किल कोण और असंतुलित स्थिति में गेंद को नियंत्रित करते हुए बाएं पैर से शॉट लगाया और गिरते हुए भी उसे पूरी ताकत से नेट के ऊपरी हिस्से में पहुंचा दिया। यह गोल उनकी तकनीक और सहज खेल शैली का बेहतरीन उदाहरण रहा, जिसने दर्शकों को भी रोमांचित कर दिया। इस गोल के बाद ब्राजील ने मैच पर पूरी पकड़ बना ली और कुछ ही मिनटों में स्कोर 3-0 तक पहुंच गया। इस प्रदर्शन ने टीम को न सिर्फ जीत दिलाई बल्कि कोचिंग स्टाफ के लिए भी राहत का क्षण साबित हुआ। माना जा रहा है कि यह गोल ब्राजील के अभियान में आत्मविश्वास लौटाने वाला अहम मोड़ बन सकता है।


