दिव्यांग क्रिकेट को मिलेगी नई रफ्तार, प्रीमियर लीग और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट कराने का फैसला

0

NST NEWS, BHOPAL.  दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन मध्य प्रदेश की वार्षिक आमसभा भोपाल में आयोजित हुई, जिसमें दिव्यांग खिलाड़ियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में आगामी सत्र की खेल गतिविधियों, संगठन के विस्तार और नई प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई।  एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अंकित शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष की उपलब्धियों और संगठन के कार्यों की समीक्षा की गई। प्रदेशभर में संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक संभाग में कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत भोपाल संभाग के लिए विवेक गुप्ता और जबलपुर संभाग के लिए आनंद तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई।

आमसभा में आगामी सत्र के दौरान एक प्रीमियर लीग, एक राष्ट्रीय टूर्नामेंट और एक अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा एसोसिएशन की प्रतिष्ठित अंतर संभागीय ‘प्रहलाद ट्रॉफी’ में अगले सत्र से प्रदेश के 10 संभागों को दो पूल में विभाजित करने तथा खिलाड़ियों की ग्रेडिंग प्रणाली लागू करने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।  एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन द्विवेदी ने बताया कि पिछले वर्ष मध्य प्रदेश के छह खिलाड़ियों का चयन इंडिया ए टीम के लिए हुआ, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि पटना में आयोजित राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।  बैठक के अंत में सचिव आकांक्षु खुराना ने सभी प्रायोजकों, पदाधिकारियों और विभिन्न संभागों से आए सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से प्रदेश में दिव्यांग क्रिकेट को नई पहचान मिल रही है। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने दिव्यांग क्रिकेट के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here