एनएसटी न्यूज, इंदौर. आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में शनिवार को होलकर स्टेडियम में रोमांच अपने चरम पर रहा। जबलपुर रॉयल लायंस ने कप्तान रजत पाटीदार की ग्वालियर चीता को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट में शानदार वापसी की। 186 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जबलपुर ने दो गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के हीरो संजोग निज्जर रहे, जिन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में नाबाद 66 रन की तूफानी पारी खेली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्वालियर चीता ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 185 रन बनाए। पार्थ चौधरी ने 23 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली, जबकि कुलदीप गेही ने 39 गेंदों पर 57 रन बनाकर पारी को मजबूती दी। कप्तान रजत पाटीदार ने 27 गेंदों में 37 रन का योगदान दिया। अंत में अर्पित पटेल ने 12 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जबलपुर की ओर से पुनीत दाते ने सबसे किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर रॉयल लायंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 12वें ओवर में 86 रन पर पांच विकेट खो दिए। उस समय मुकाबला पूरी तरह ग्वालियर के पक्ष में नजर आ रहा था।
इसके बाद राहुल बाथम और संजोग निज्जर ने छठे विकेट के लिए 61 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम की वापसी कराई। बाथम 16 गेंदों में 21 रन बनाकर रन आउट हो गए, लेकिन निज्जर ने एक छोर संभाले रखा। अंतिम तीन ओवर में जब टीम को 30 रन चाहिए थे, तब उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दबाव को अपने ऊपर नहीं आने दिया। पुनीत दाते के रन आउट होने के बाद भी निज्जर अंत तक टिके रहे और चौके-छक्कों की मदद से टीम को दो गेंद पहले जीत दिला दी।
मैच के बाद संजोग निज्जर ने कहा कि वह इस अवसर के लिए भगवान के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी, टीम प्रबंधन और साथियों ने उन पर भरोसा जताया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ी खुद पर विश्वास रखे और सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरे तो परिणाम भी उसके पक्ष में आते हैं। उन्होंने बताया कि उनका पूरा ध्यान गेंद को देखकर खेलने, शांत रहने और सकारात्मक इरादे के साथ बल्लेबाजी करने पर था।


