नई दिल्ली. फीफा विश्व कप 2026 में स्पेन ने अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सऊदी अरब को 4-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। युवा स्टार लामिन यामाल और मिकेल ओयारजाबाल ने पहले हाफ में शानदार खेल दिखाते हुए सऊदी अरब की टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
पहले मैच में केप वर्डे के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद स्पेन पर जीत का दबाव था। टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआती मिनटों में ही लामिन यामाल ने गोल कर स्पेन को बढ़त दिला दी। इसके बाद मिकेल ओयारजाबाल ने महज ढाई मिनट के भीतर लगातार दो गोल दागकर स्पेन की बढ़त 3-0 कर दी। पहले हाफ में ही मुकाबला लगभग स्पेन की पकड़ में आ गया।
दूसरे हाफ में सऊदी अरब की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब डिफेंडर हसन अल-तंबकती से आत्मघाती गोल हो गया, जिससे स्पेन की बढ़त 4-0 हो गई। इसके बाद फेरान टोरेस ने भी गेंद को नेट में पहुंचाया, लेकिन ऑफसाइड होने के कारण उनका गोल रद्द कर दिया गया।
स्पेन के कोच लुइस डे ला फुएंते ने पहले मैच में सीमित समय खेलने वाले यामाल को इस बार शुरुआती एकादश में मौका दिया और युवा खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन कर उनके फैसले को सही साबित किया। वहीं सऊदी अरब, जिसने पहले मैच में उरुग्वे को 1-1 की बराबरी पर रोका था, इस मुकाबले में स्पेन के तेज आक्रमण के सामने टिक नहीं सका।
इस जीत के साथ स्पेन ने ग्रुप एच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। हालांकि इस ग्रुप की चारों टीमें अभी भी अगले दौर की दौड़ में बनी हुई हैं और अंतिम लीग मुकाबलों के बाद ही क्वालीफाई करने वाली टीमों का फैसला होगा।


